Breaking NewsUttarakhand

सांसद अनिल बलूनी को मिली नई जिम्मेदारी, बनाये गए भाजपा के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता

देहरादून। उत्तराखंड से भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को भाजपा का राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। पार्टी के दिग्गज नेता स्व. अरुण जेटली और रवि शंकर प्रसाद के बाद बलूनी पार्टी के ऐसे तीसरे नेता हैं, जो राष्ट्रीय संगठन के मीडिया प्रमुख के साथ मुख्य प्रवक्ता की दोहरी जिम्मेदारी निभाएंगे। इस अहम जिम्मेदारी के बाद केंद्रीय संगठन में बलूनी का कद और बढ़ गया है।

वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की टीम में उत्तराखंड मूल के महेंद्र पांडेय को भी जगह मिली है। पांडेय को राष्ट्रीय कार्यालय सचिव बनाया गया है। पांडेय लंबे समय से केंद्रीय स्तर पर पार्टी की सेवा कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने उत्तराखंड सांसद अनिल बलूनी और पांडेय को राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी दिए जाने पर प्रसन्नता जाहिर की है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में सभी पदाधिकारी, पार्टी को उच्चतम शिखर तक पहुंचाने के लिए अपना पूरा योगदान देंगे। भगत ने राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश को दोबारा यही जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि उनका मार्गदर्शन पहले की तरह सतत मिलता रहेगा।

आपको बता दें कि कैंसर को मात देकर पूरी जीवटता के साथ सांसद और राष्ट्रीय मीडिया का दायित्व कुशलतापूर्वक निभाने वाले बलूनी उत्तराखंड के सरोकारों को लेकर हमेशा संवेदनशील रहे हैं। केंद्रीय संगठन की तमाम व्यस्तता के बावजूद वह राज्य की समस्याओं के समाधान का प्रयास करते रहे हैं। केंद्रीय मंत्रियों के माध्यम से उन्होंने राज्य हित के कई मसलों का समाधान कराया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button