आज भी बरकरार है माधुरी का जलवा

मुम्बई। बॉलीवुड में धकधक गर्ल के नाम से मशहूर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित का जलवा आज भी बरकरार है। अपने जमाने में माधुरी दीक्षित ने अपनी समकालीन अभिनेत्रियों को अपने से पीछे छोड़ रखा था।
नब्बे के दशक में माधुरी को बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्री का दर्जा प्राप्त था। बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन की ही तरह उनकी फिल्मों को देखने के लिए भी दर्शक टिकट खिड़की पर टूट पड़ते थे। अपने अभिनय और अलग नृत्य शैली के चलते माधुरी ने अपने समय में खूब वाहवाही बटोरी थी किन्तु उनका ये जलवा आज भी बरकरार है। माधुरी के चाहने वालों की आज भी कोई कमी नहीं है। डॉ. नेने से शादी करके माधुरी अमेरिका चली गई थीं।
कुछ सालों बाद वापिस लौट कर उन्होंने अपने अभियन कैरियर की फिर से शुरूआत की। इस दौरान उन्हें उतार-चढ़ाव का सामना भी करना पड़ा किन्तु उन्होंने हार नहीं मानी। अपने पक्के इरादों के लिए जानी जाने वाली माधुरी ने अपनी एक्टिंग का सफर जारी रखा जो आज भी बरकरार है। पिछले दिनों आयी उनकी फिल्म ‘गुलाब गैंग’ में उनके अभिनय की खूब जमकर तारीफ हुई। वाकई माधुरी के दीवाने आज भी हर जगह मौजूद हैं।