फैक्ट्री से लौट रही युवती से सामुहिक दुष्कर्म

देहरादून। राजधानी दून के सहसपुर थाना क्षेत्र में एक फैक्ट्री में काम करने वाली एक युवती से कुछ युवकों द्वारा सामुहिक दुष्कर्म करने का सनसनीखेज़ मामला मंगलवार को प्रकाश में आया। घटना रविवार शाम की है। प्राप्त समाचार के अनुसार फैक्ट्री से काम कर घर लौट रही एक युवती को तीन युवक सड़क से उठा ले गए। युवकों ने जंगल ले जाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया।
थानाध्यक्ष मुकेश त्यागी ने बताया कि मामला 31 जुलाई का थाना सहसपुर अंतर्गत सेलाकुई क्षेत्र का है। फैक्ट्री में काम करने वाली एक युवती शाम को काम से घर लौट रही थी। इसी दौरान सरेआम तीन युवक उसे उठकर जंगल ले गए। यहां उन्होंने युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया।
आरोपियों ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। इस पर युवती घर लौट आई, लेकिन डर के मारे परिजनों को कुछ नहीं बताया। सोमवार देर सायं तबियत खराब होने पर युवती ने मां को पूरा वाकया बताया।
इसके बाद पीड़िता के पिता ने पुलिस में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। इस पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने युवती का मेडिकल कराया। साथ ही युवती के बयान भी दर्ज किए गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।