Bollywood News: सुपरस्टार्स के खानदान का लाडला, जिसे नहीं भाया कमर्शियल सिनेमा
बॉलीवुड में एक कलाकार ऐसा भी है, जिसने सुपरस्टार्स के खानदान से होने के बावजूद कभी कहानी पर पैसे को तरजीह नहीं दी और तो और अपनी फिल्म की सफलता के बाद फेमस होने के डर से देश ही छोड़कर चला गया था।

Bollywood News: बॉलीवुड में कुछ ऐसे भी स्टार हैं, जिन्होंने फिल्मी दुनिया को कुछ शानदार फिल्में दीं और अपने अभिनय के लिए खूब सराहे गए, लेकिन उन्हें कोई खास मुकाम हासिल नहीं हो पाया। सुपरस्टार्स के खानदान से आने वाले अभय देओल भी ऐसा ही एक नाम हैं। धर्मेंद्र के भतीजे और सनी देओल-बॉबी देओल जैसे सुपरस्टार्स के चचेरे भाई अभय देओल को हिंदी सिनेमा के बेहतरीन अभिनेताओं में गिना जाता है, लेकिन इन सबके बाद भी वह उस मुकाम से कोसों दूर रह गए, जो उन्हें मिलना चाहिए था। आज, 15 मार्च को अभय देओल अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं, जो ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’, ‘देव डी’, ‘रांझणा’ और ‘चक्रव्यूह’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं।
कमर्शियल सिनेमा के ऊपर कहानी को दी तरजीह
अभय देओल हिंदी सिनेमा के उन स्टार्स में से हैं, जो कभी स्टारडम के पीछे नहीं भागे। उन्होंने हमेशा बड़े बजट से ज्यादा अच्छी कहानियों को तरजीह दी है और ये फिल्मों के उनके चुनाव से साफ जाहिर होता है। ‘देव डी’ से लेकर ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा तक’, अभय ने कुछ गिनी-चुनी फिल्में ही की हैं और सभी फिल्मों में अपने अभिनय के जरिए दर्शकों के दिल जीतने में सफल रहे हैं। फैंस ने हमेशा उनके अभिनय कौशल को सराहा और उन्हें और शानदार फिल्मों में देखने की उम्मीद जताई। लेकिन, अभय देओल जब स्टारडम के नजदीक पहुंचे तो खुद सब छोड़-छाड़कर भाग गए।
अटेंशन से थी चिढ़
अभय देओल बॉलीवुड के बेहतरीन कलाकारों में गिने जाते हैं। उनके अभिनय को हमेशा दर्शकों ने सराहा है। लेकिन, अभय देओल को अटेंशन से कुछ खास लगाव नहीं था। अभय को एक्टिंग करना तो पसंद था, लेकिन साथ ही साथ मिलने वाला अटेंशन नहीं चाहिए था। वह फेम से दूर रहना चाहते थे। अभय देओल ने खुद ‘ह्यूमंस ऑफ बॉलीवुड’ से इस बारे में बात की थी और इसी दौरान उन्होंने खुलासा किया था कि वह अटेंशन से डील नहीं कर पाए और इसीलिए देव डी की सफलता के बाद कुछ समय के लिए विदेश शिफ्ट हो गए थे।
फेम से लगता था डर
अभय देओल कई बार बता चुके हैं कि उन्हें फेम से कुछ खास लगाव नहीं है। अभिनेता के अनुसार, फेम मिलने के बाद उन्हें बचपन के फ्लैशबैक याद आने लगे थे। उनके अनुसार, एक समय था जब वह फेम और अटेंशन को लेकर बहुत सेंसिटिव हो गए थे और उन्हें अटेंशन से चिढ़ होने लगी थी। अभय देओल ने इसके बारे में बात करते हुए कहा था- ‘मुझे पता था कि देव डी एक सफल फिल्म बनने जा रही है। मैं अभिनय तो करना चाहता था, लेकिन फेमस नहीं होना चाहता था। मेरे अंदर हमेशा से फेम को लेकर एक अजीब स्ट्रगल रहा है। मैंने निगेटिव बातों पर ज्यादा ध्यान दिया। मैंने कुछ मुद्दों को उस वक्त सुलझाया नहीं और बस भाग गया। मैं फेम के साथ आने वाली हर चीज से डरता था।’
न्यूयॉर्क में खूब की मौज-मस्ती
अभय देओल ‘देव डी’ की जबरदस्त सफलता के बाद न्यूयॉर्क चले गए और कुछ समय वहीं रुके। यहां रहते हुए उन्होंने जमकर मौज-मस्ती की। हालांकि, अभय का खुद कहना है कि ये उनके लिए सबसे विनाशकारी समय था। उन्होंने बताया कि जब वह न्यूयॉर्क चले गए, वह रियल लाइफ देव डी बन गए। यहां रहते हुए वह खूब शराब पीने लगे और पैसे उड़ाने लगे। एक्टर ने इस बारे में बात करते हुए कहा था- ‘मैं जानता था कि मैं वहां बहुत समय तक नहीं रहने वाला हूं। मैं न्यूयॉर्क में सिर्फ देव डी में निभाई भूमिका निभा रहा था। कोई काम नहीं, बस पैसे उड़ा रहा था।’




