मुंबई में CNG हुई और महंगी, PNG के भी दाम बढ़े; जानिए कितनी हो गई कीमत
मुंबई महानगर क्षेत्र में सीएनजी की कीमत फिर बढ़ गई है। महानगर गैस लिमिटेड ने सीएनजी के खुदरा दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। नई दर 86 रुपये प्रति किलो हो गई है। इससे टैक्सी, ऑटो, बस और निजी वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

मुंबई। मुंबई महानगर क्षेत्र में CNG की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। सरकारी गैस वितरण कंपनी महानगर गैस लिमिटेड यानी कि MGL ने सीएनजी के खुदरा दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई दरों के लागू होने के बाद मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र के अन्य इलाकों में सीएनजी अब 86 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध होगी। इससे पहले कंपनी ने 14 मई को भी CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी। CNG के अलावा घरों में इस्तेमाल होने वाली PNG की कीमत में भी 50 पैसे प्रति एससीएम की बढ़ोतरी की गई है।
कंपनी ने क्यों बढ़ाए गैसों के दाम?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, MGL ने घरेलू गैस की कम उपलब्धता, महंगे गैस स्रोतों पर बढ़ती निर्भरता और भारतीय रुपये में आई गिरावट के कारण गैस खरीद लागत में हुई भारी वृद्धि के चलते CNG और घरेलू PNG की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने 29 मई 2026 की मध्यरात्रि से सभी 6 भौगोलिक क्षेत्रों में घरेलू पीएनजी की कीमत ₹0.50 प्रति एससीएम और सीएनजी की कीमत ₹2 प्रति किलोग्राम बढ़ा दी है। इसके बाद मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में घरेलू पीएनजी की नई कीमत ₹52 प्रति एससीएम तथा सीएनजी की कीमत ₹86 प्रति किलोग्राम हो गई है।
कई शहरों में CNG सप्लाई करती है MGL
लगातार दूसरी बार हुई इस मूल्य वृद्धि का असर लाखों वाहन चालकों और परिवहन क्षेत्र पर पड़ सकता है, क्योंकि सीएनजी का इस्तेमाल बड़ी संख्या में टैक्सी, ऑटो रिक्शा, बसों और निजी वाहनों में किया जाता है। एमजीएल का कहना है कि कीमत बढ़ने के बावजूद CNG अभी भी पेट्रोल की तुलना में लगभग 45 प्रतिशत और डीजल की तुलना में 12 प्रतिशत तक सस्ती है। कंपनी ने ग्राहकों को इस संशोधन की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया है कि वह किफायती और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
लोगों की जेब पर पड़ेगा एक्स्ट्रा बोझ
महानगर गैस लिमिटेड वर्तमान में मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण, रायगढ़, रत्नागिरी, चित्रदुर्ग, दावणगेरे, लातूर और उस्मानाबाद सहित कई शहरों और क्षेत्रों में सीएनजी की आपूर्ति करती है। नए दाम लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को अब सीएनजी के लिए पहले की तुलना में अधिक खर्च करना होगा। सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम लोगों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की जेब पर एक्स्ट्रा बोझ पड़ने की संभावना है।




