देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है। राजधानी देहरादून समेत राज्य के कुछ इलाकों में शुक्रवार शाम गरज के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गयी। इससे पूर्व गुरूवार को मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया था कि उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। अगले 24 घंटे में देहरादून सहित उत्तराखंड के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। चारधाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री एवं यमुनोत्री में बारिश एवं बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के अनेक स्थानों पर बारिश एवं बर्फबारी हो सकती है। आज दून का सात डिग्री बढ़ा तापमान शुक्रवार को देहरादून के तापमान में काफी उछाल दर्ज की गई, जिससे दिन के समय गर्मी महसूस की गई। हालांकि, शाम के समय आसमान में बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सामान्य हो गया।अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 29.5 और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को दून का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 23 व 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बहरहाल शुक्रवार शाम को ठंडी हवाओं के साथ आसमान में काले बादल उमड़ आये और रात होते-होते कुछ इलाकों में ये बादल हल्की बूंदों के साथ ज़मी पर बरसने लगे। बदले मौसम की वजह से दून घाटी समेत पूरे उत्तराखंड में एक बार फिर से ठंडक लौट आयी है।