बॉलीवुड की इस अभिनेत्री के अंतिम संस्कार में नहीं आये फिल्मी सितारे

मुम्बई। बॉलीवुड की मशहूर कलाकार रीता भदुड़ी का आकस्मिक निधन हो गया। मंगलवार की सुबह रीता भादुड़़ी ने अंतिम सांस ली। बॉलीवुड की कई हिट फिल्मों में काम कर चुकी रीता भादुड़ी के अंतिम संस्कार में कोई भी बड़ा फिल्मी सितारा नजर नहीं आया। फिल्म राजा, विरासत, बेटा, कभी हां कभी ना और हीरो नं 1 जैसी फिल्मों से अपनी अदाकारी का लोहा मनवा चुकी रीता सीनियर आर्टिस्ट थीं। वे 62 साल की थीं और वे आखिरी बार निमकी मुखिया नाम के शो में नज़र आईं थी। रीता के अकस्मात निधन के बाद टीवी और बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर है। रीता का अंतिम संस्कार अंधेरी ईस्ट के क्रिमेशन ग्राउंड में किया गया।
आलिया भट्ट की फिल्म ‘राजी’ में नज़र आए एक्टर शिशिर शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर रीता भादुड़ी के निधन की जानकारी लोगों से साझा की थी। वे टीवी एक्टर नीलू कोहली के साथ रीता की शव यात्रा में शरीक हुए। सतीश शाह ने रीता भादुड़ी के साथ साराभाई VS साराभाई में काम किया है। रीता की शव यात्रा के दौरान वे उपस्थित थे। एकता कपूर के शो क्योंकि सास भी कभी बहू थी से सुर्खियों में आए जितेंद्र त्रेहान भी रीता भादुड़ी की शवयात्रा में पहुंचे। पारितोश सांद जैसे कई टीवी सितारे भी इस शव यात्रा में शरीक हुए।
सीनियर कलाकार रीता के निधन की खबर आते ही कई सेलेब्स ने इस मामले में प्रतिक्रिया दी। रितेश देशमुख, जूही परमार से लेकर अनिल कपूर तक, कई सितारों ने रीता को एक बेहतरीन इंसान और एक शानदार एक्टर बताया। किन्तु उनके आखिरी सफर में कोई भी बड़ा फिल्मी सितारा दिखायी नहीं दिया। इससे साफ जाहिर होता है कि बॉलीवुड में भी कलाकारों की लॉबी और गुटबाजी है। वहीं जहां श्रीदेवी के निधन के वक्त पूरा बॉलीवुड उनके अंतिम दर्शन को उमड़ पड़ा था तो वहीं रीता भादुड़ी के अंतिम संस्कार से फिल्मी सितारों का नदारद रहना कई सवालों को जन्म देता है।