Breaking NewsNational

दिल्ली में ठंड तो तमिलनाडु में बारिश बनी मुसीबत, जानिए मौसम का हाल

तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, दिल्ली में लगातार पारा नीचे गिर रहा है। आने वाले दिनों में यहां कोहरा और धुंध बड़ी परेशानी बन सकते हैं।

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में लगातार ठंड बढ़ रही है, लेकिन दक्षिण भारतीय राज्यों में अभी भी बारिश जारी है। उत्तर पूर्वी राज्यों में कोहरा बड़ी समस्या बना हुआ है और उत्तरी-पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की शुरुआत हो चुकी है। आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और कलीमपोंग में बारिश के साथ हिमपात की संभावना है। दिल्ली में भी रविवार को हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश होने पर दिल्ली के लोगों को काफी राहत मिल सकती है और यहां की हवा साफ हो सकती है। हालांकि, तेज हवाओं के चलते दिल्ली के एक्यूआई में काफी सुधार आया है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के दक्षिण-पूर्वी राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में तूफान फेंगल ने भी जमकर तबाही मचाई थी और अब केंद्र सरकार की टीमें वहां जाकर नुकसान का आंकलन कर रही हैं। इन राज्यों में आने वाले तीन से चार दिनों में भारी बारिश होने के आसार हैं।

दिल्ली में शुक्रवार की रात सबसे ठंडी

दिल्ली में इस सर्दी की अब तक की सबसे ठंडी रात शुक्रवार (6 दिसंबर) को रही और न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने रविवार को शहर में हल्की बारिश का अनुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार रात को न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से तीन डिग्री कम दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार और शुक्रवार को सीजन का दूसरा सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, जब न्यूनतम तापमान गिरकर 8.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रविवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

Advertisements
Ad 13

दार्जिलिंग में हिमपात की संभावना

पश्चिम बंगाल के उत्तरी जिलों दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या हिमपात की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 10 दिसंबर तक के अपने पूर्वानुमान में यह संभावना जताई है। आईएमडी ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में 10 दिसंबर तक देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। राज्य के दक्षिणी भाग में पश्चिमी मिदनापुर, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुरा, पूर्बा और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नादिया जिलों में नौ दिसंबर को एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

कोलकाता में गिर सकता है पारा

आईएमडी के मुताबिक पश्चिम बंगाल के अन्य भागों में 10 दिसंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में दार्जिलिंग शहर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे कम रहा, जबकि कलिम्पोंग में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के पश्चिमी भाग में स्थित पुरुलिया 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार सुबह महानगर में पारा एक डिग्री नीचे जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button