अजगर के पेट के अंदर मिली लापता महिला

इंडोनेशिया में लापता चल रही एक महिला को खोजने की कवायद की गई तो लोगों के हाथ एक विशालकाय अजगर लग गया। लोगों ने अजगर का पेट काटा तो पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। अजगर के पेट में लापता महिला की लाश थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इंडोनेशियाई पुलिस ने शनिवार (16 जून) को इस घटना की पुष्टि की। पुलिस ने बताया कि एक इंडोनेशियाई महिला अपने सब्जियों की बगीचे की देखभाल कर रही थी, उसी वक्त अजगर उसे निगल गया और फिर उसकी लाश विशालकाय सांप के पेट में से बरामद की गई। समुद्र तट से दूर सुलावेसी के मुना आइलैंड के पर्सियापन लावेला गांव के लोगों को शुक्रवार (15 जून) को जब अजगर दिखाई दिया तो उसका पेट फूला हुआ था। लोगों ने सात मीटर यानी करीब 23 फुट लंबे अजगर का पेट चीर डाला। अजगर के पेट में से 54 वर्षीय वा टीवा नाम की लापता महिला की लाश मिली।
इंडोनेशिया में कई लोगों की तरह एक ही नाम वाले स्थानीय पुलिस प्रमुख हमका ने मीडिया को बताया कि स्थानीय लोगों को अजगर के द्वारा महिला को निगले जाने का शक हो गया था। पुलिस के मुताबिक गुरुवार (14 जून) की रात जब महिला अपने बगीचे से घर नहीं लौटी तो रिश्तेदारों समेत करीब सौ लोगों ने एक खोज अभियान चलाया था। हमका ने बताया कि मृतका की चप्पलें और कुल्हाड़ी जहां से मिली, उस जगह से करीब 30 मीटर की दूरी पर गांव वालों को अजगर दिखाई दिया था। हमका ने यह भी बताया कि अजगर ने महिला को उसके सिर की ओर से निगला था और महिला की लाश अजगर के पेट में से ज्यों की त्यों मिली।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अजगर के द्वारा इंसानों को खा जाने की घटनाएं कम ही होती हैं, वे अक्सर छोटे जानवरों को अपना निवाला बनाते हैं। पिछले वर्ष मई में इंडनोशिया के एक गांव में एक विशाल अजगर को स्थानीय व्यक्ति से टकराना महंगा पड़ गया था। स्थानीय व्यक्ति ने अजगर को मार डाला था और बाद में गांव वाले उसे खा गए थे। इस घटना की खबर प्रकाशित भी हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक सुमात्रा के बटांग गंसल जिले में पाम तेल बागान सड़क पर सुरक्षा गार्ड रॉबर्ट नबाबन का सामना सांप से हुआ था। नबाबन ने कुछ ग्राणीणों की मदद से 7.8 मीटर लंबे अजगर को खत्म कर दिया था। अजगर के शव को दिखाने के लिए गांव के द्वार पर टांग दिया गया था और बाद में उसे काटकर, तलकर खाया गया था