दून की जनता के लिए तैयार हुए दो नये फ्लाईओवर

देहरादून। उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून में बनने वाले बहुप्रतिक्षित फ्लाईओवर आखिरकार बनकर तैयार हो ही गये हैं। जल्द ही देहरादून की जनता के लिए इन्हें खोल दिया जायेगा और वाहन सरपट इन पर दौड़ सकेंगे। गौरतलब है कि बीते तीन वर्षों से भी अधिक समय से बन रहे आईएसबीटी और बल्लूपुर के फ्लाईओवर का निर्माण कार्य आखिरकार पूरा होने जा रहा है, इन दोनों फ्लाईओवरों को बनने में तीन वर्ष से भी अधिक समय व्यतीत हो गया, जबकि इनके साथ ही शुरू हुआ बल्लीवाला फ्लाईओवर बीती जुलाई में पूरी तरह बनकर तैयार भी हो गया था।
यदि इन फ्लाईओवरों के निर्माण कार्य की ही बात की जाये तो दून में बनने वाले ये फ्लाईओवर्स धीमी गति से हो रहे निर्माण के चलते अक्सर विवादों में छाये रहे। स्थानीय नेताओं से लेकर आम जनता के द्वारा फ्लाईओवरों के निर्माण और इनमें प्रयोग होने वाली निर्माण सामग्री को लेकर कई सवाल भी उठाये गये। बहरहाल अब ये दोनों ही फ्लाईओवर अपने निर्माण के अंतिम चरण में हैं। आईएसबीटी के निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है और उसके लुक को फाइनल टच दिया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार 11 दिसम्बर को उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री हरीश रावत के द्वारा इस फ्लाईओवर का उद्घाटन किया जाना है। वहीं बल्लूपुर के फ्लाईओवर का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है। इन दिनों पुल के दोनों ओर से उपर आने वाली सड़क का निर्माण किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दिसम्बर माह के अंत तक इस फ्लाईओवर को भी जनता के लिए खोल दिया जायेगा। इन फ्लाईओवरों के निर्माण से यातायात में कितना सुधार होगा ये तो आने वाला वक्त ही बतायेगा। बहरहाल इन फ्लाईओवरों के निर्माण से इन मार्गों से रोज गुजरने वाले दून के लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।