दून पहुँची उर्वशी ने की कार्यशाला में शिरकत

देहरादून। उत्तराखण्ड़ पुलिस द्वारा आयोजित की जा रही हॉफ मैराथन प्रतियोगिता का थीम ” महिला सुरक्षा एंव जागरुकता” अभियान के तहत जनपद देहरादून पुलिस द्वारा दिनांक 17-11-17 से महिला सुरक्षा एंव सशक्तिकरण के संबध में पुलिस लाइन में स्कूली छात्राओं के साथ तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यशाला के दूसरे दिन शनिवार को अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अशोक कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, पुष्पक ज्योति, तथा फिल्म अभिनेत्री उर्वशी रौतेला द्वारा छात्राओं के साथ महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गयी।
कार्यशाला के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक व पुलिस उपमहानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा उपस्थित छात्राओं व अतिथिगणों को संबोधित करते हुए बताया कि महिलाएं समाज का मूल स्तंभ है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है, महिलाओं की सुरक्षा के लिए कानूनों में भी विशेष प्रावधान किए गए हैं किंतु जब तक महिला शिक्षित नहीं होगी तब तक ना सिर्फ उनका विकास अवरुद्ध रहेगा बल्कि सामाजिक स्तर पर हो रहे अत्याचारों को रोकना भी कठिन होगा।
महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस व सरकार के साथ साथ आमजन की भी है। जब तक समाज महिलाओं के प्रति अपना नजरिया नहीं बदलेगा तब तक समाज में महिलाओं की स्थिति में परिवर्तन नहीं आ सकता। महिलाएं हर संघर्ष में आगे रही है चाहे वह आजादी की लड़ाई हो या आत्म सम्मान के रक्षा की। महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण में जो कार्य किए जा रहे हैं वह सराहनीय है, परंतु अभी भी ऐसे कई मुद्दे है जिन पर कार्य किए जाने की आवश्यकता है।
हमारे आसपास महिलाएं सहृदय बेटियां, संवेदनशील माताएं, सक्षम सहयोगी व अंय कई भूमिकाओं को बड़ी कुशलता व सौम्यता से निभा रही है परंतु आज भी समाज के कई हिस्सों में उनकी भूमिकाओं को नजर अंदाज किया जा रहा है, जिसके चलते महिलाओं को बड़े पैमाने पर असमानता, उत्पीड़न, वित्तीय निर्भरता व अन्य सामाजिक बुराइयों को सहन करना पड़ रहा है। सदियों से यह बंधन महिलाओं को पेशेवर व व्यक्तिगत ऊंचाइयों को प्राप्त करने से अवरुद्ध करते रहे हैं।
पुलिस द्वारा महिला सशक्तिकरण व सुरक्षा के लिए चलाया जा रहे अभियानों का उद्देश्य महिलाओं में आत्मसम्मान, आंतरिक शक्ति और रचनात्मकता को पोषण करने के लिए ठोस आधार प्रदान करना है। इस तरह से स्थापित महिलाएं अपने कौशल, आत्मविश्वास और शिष्टता के आधार पर दुनिया की किसी भी चुनौती को संभालने में सक्षम है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं व अन्य अतिथिगणों को संबोधित करते हुए अभिनेत्री उर्वशी रौतेला द्वारा उनके साथ अपने अनुभव को साझा किया गया। उनके द्वारा पुलिस द्वारा आयोजित की जा रही है इस कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा गया कि समाज में महिलाएं सशक्त होंगी तभी देश सशक्त हो पाएगा, इस दौरान छात्राओं द्वारा उनसे प्रश्नों के माध्यम से कई मुद्दों पर चर्चा की जिसका उनके द्वारा जवाब दिया गया। उनके द्वारा बताया गया कि महिलाओं को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मजबूत होना जरूरी है साथ ही प्रत्येक महिला को अपनी सुरक्षा के लिए आत्मरक्षा की ट्रेनिंग लेनी आवश्यक है।
इस मौके पर उनके द्वारा दृढ़ इच्छाशक्ति व कठिन परिश्रम के बल पर जिंदगी में उच्च मुकाम हासिल करने के लिए छात्राओं को उदाहरण देते हुए उनसे प्रेरणा लेने की बात कही गयी। अंत में उनके द्वारा उत्तराखंड पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा व महिला सुरक्षा को लेकर आयोजित की जा रही हाफ मैराथन प्रतियोगिता में एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान प्रदान करने का आह्वान किया गया।
कार्यशाला के दौरान अलकनंदा अशोक कुमार, रुपाली, श्रीमती मीरा रौतेला, एम0के0पी0 (पी0जी0) कालेज तथा डी0के0 इन्टर काँलेज की छात्राओं, अध्यापिकाओं व अन्य सम्मानित अथितिगणो द्वारा प्रतिभाग किया गया। उक्त कार्यशाला का संचालन क्षेत्राधिकारी डालनवाला जया बलूनी द्वारा किया जा रहा है।