Breaking NewsEntertainment

ब्रेस्ट कैंसर से जूझते हुए गई फेमस एक्ट्रेस की जान, फिल्म इंडस्ट्री में पसरा मातम

Jaya Vahini Death: साउथ सिनेमा की फेमस एक्ट्रेस जया वाहिनी के निधन से इंडस्ट्री शोक में डूब गई है। कई दमदार रोल में नजर आने वाली एक्ट्रेस के लिए कैंसर काल बना। लंबे समय से बीमारी से जूझते हुए एक्ट्रेस ने दम तोड़ दिया।

विजयनगरम। तेलुगु टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सीनियर अभिनेत्री जया वाहिनी, जिन्हें वासवी उर्फ पद्मा के नाम से भी जाना जाता था का बुधवार को उनके होमटाउन विजयनगरम में निधन हो गया। वह लंबे समय से ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही थीं और इलाज के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से न सिर्फ फिल्म और टीवी जगत, बल्कि उनके प्रशंसकों के बीच भी शोक की लहर दौड़ गई है। एक्ट्रेस कराटे कल्याणी ने सोशल मीडिया के जरिए वाहिनी के निधन की जानकारी साझा की, जो तेजी से वायरल हो रही है।

दोस्त ने दी निधन की जानकारी

भावुक होते कराटे कल्याणी ने लिखा, ‘मैंने वाहिनी की बहन को बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन कुछ देर पहले वह अपने जन्मस्थान विजयनगरम में स्वामी के पास चली गईं। भगवान उनकी पवित्र आत्मा को शांति दे। परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’ कराटे कल्याणी ने यह भी बताया कि वह वाहिनी को बचपन से जानती थीं। दोनों के घर विजयनगरम में एक-दूसरे के पास ही थे, जिससे उनका रिश्ता बेहद करीबी था।

शुरुआती जीवन और करियर

1978 में विजयनगरम में जन्मीं जया वाहिनी ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में ‘जया वाहिनी’ के नाम से अपनी पहचान बनाई। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत छोटे-छोटे किरदारों से की थी। धीरे-धीरे अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर उन्होंने तेलुगु और तमिल फिल्मों के साथ-साथ कई लोकप्रिय टीवी सीरियल्स में काम किया। वाहिनी खास तौर पर अपने नेगेटिव रोल्स के लिए जानी जाती थीं। उनकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया और उन्हें इंडस्ट्री में एक अलग पहचान दिलाई।

टीवी से फिल्मों तक का सफर

Advertisements
Ad 26

कहा जाता है कि जया वाहिनी के लिए टीवी सीरियल्स का सफर फिल्मों की तुलना में ज्यादा सहज और सफल रहा। उन्होंने छोटे पर्दे पर लगातार काम किया और दर्शकों के घर-घर तक अपनी पहचान बनाई। फिल्मों की बात करें तो 2019 में रिलीज हुई ‘रघुपति वेंकैया नायडू’ में उन्होंने अभिनेता वीके नरेश के साथ काम किया था। इसके बाद वह आखिरी बार फिल्म ‘बहिरभूमि’ में नजर आई थीं। एक्टिंग के साथ-साथ वाहिनी सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहती थीं। वह अक्सर रील्स और वीडियो पोस्ट कर अपने फैंस से जुड़ने की कोशिश करती थीं और यही वजह थी कि दर्शकों से उनका रिश्ता सिर्फ स्क्रीन तक सीमित नहीं रहा।

कैंसर से लंबी लड़ाई

कराटे कल्याणी ने हाल ही में वाहिनी की हेल्थ कंडीशन को लेकर भी जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया कि वाहिनी पिछले कुछ सालों से कैंसर से लड़ रही थीं। इलाज के दौरान उनके मेडिकल खर्चों के लिए फाइनेंशियल मदद की अपील भी की गई थी, जिस पर कई एक्टर्स और फैंस ने आगे आकर सहयोग किया। हालांकि जैसे-जैसे उनकी हालत बिगड़ती गई, डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से घर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद वह अपने होमटाउन विजयनगरम लौट आईं, जहां बुधवार शाम उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

इंडस्ट्री में शोक की लहर

वाहिनी के निधन की खबर सामने आते ही तेलुगु फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। एक ऐसी अभिनेत्री, जिसने सिल्वर स्क्रीन और छोटे पर्दे दोनों पर दर्शकों का मनोरंजन किया, वह असल जिंदगी में कैंसर से जंग लड़ते हुए हार गईं। उनके निभाए किरदार और उनकी यादें हमेशा दर्शकों के दिलों में जीवित रहेंगी। फिल्मी जगत के कई सितारे उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और उनके परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button