देहरादून। जनपद के ऋषिकेश थाना क्षेत्र में पुलिस ने गंगा नदी के किनारे बोरे में बंद एक महिला का शव बरामद किया है। पुलिस आसपास के लोगों से शव के बारे में जानकारी जुटा रही है। प्राप्त समाचार के अनुसार बुधवार सुबह त्रिवेणी घाट से आगे नाव घाट के समीप गंगा के छिछले पानी में लोगों को एक बंधा हुआ बोरा नजर आया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरे को बाहर निकाला। बोरे में एक महिला का शव बंधा हुआ था। कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 62 वर्ष के करीब है। शव करीब दो सप्ताह पुराना है, जो पूरी तरह से सड़-गल चुका है। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि संभवतया महिला की स्वाभाविक मौत होने के बाद उसे जल समाधि दी गई हो। रस्सियां सड़ने के बाद शव बहकर आ गया होगा। उन्होंने बताया कि महिला के शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखा गया है।