हादसे का शिकार हुई जीएमओयू की बस, एक शख्स की मौत

कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार में बमेड़ीसैण से कोटद्वार जा रही जीएमओयू की बस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में बस मालिक की मौत हो गई। वहीं अन्य दो घायलों को सीएचसी नैनीडांडा में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि पुश्ता ढहने के कारण बस खाई में जा गिरी। नैनीडांडा ब्लॉक के बमेड़ीसैण से मिनी बस (UA11-0835) कोटद्वार जा रही थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इंटर कॉलेज के पास पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। पहाड़ी की ओर से रास्ता न मिलने के कारण ड्राइवर ने पुश्ते के ऊपर से बस निकालनी चाही। तभी बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
बस में तीन लोग सवार थे। बस के खाई में गिरते ही बस मालिक बलवीर सिंह नेगी (60) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह 7:30 बजे की बताई जा रही है। वहीं घायल बचन सिंह (51) पुत्र देवी सिंह लैंसडोन व संजय सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह(28) गंभीर घायल हो गया।
घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बता दें कि इसी सड़क पर साल 2018 में भी एक बस हादसा हुआ था, जिसमें 48 लोगों की मौत हो गई थी।