Breaking NewsUttarakhand

उत्तराखंड में हो रही भारी बर्फबारी, सफेद चादर से ढके कईं इलाके

Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में भारी बर्फबारी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी जारी है। निचले इलाकों में बारिश व ओलावृष्टि से ठंड बढ़ गई है। चोपता में कुछ पर्यटक बर्फबारी के बाद फंस गए थे जिन्हें सकुशल निकाल लिया गया है। कई मार्ग भी बंद हो गए हैं।

देहरादून। उत्‍तराखंड में शुक्रवार और शनिवार को हुई भारी बर्फबारी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। निचले इलाकों में बारिश व ओलावृष्टि के कारण राज्‍य में ठंड बढ़ गई है। वहीं चोपता में कुछ पर्यटक बर्फबारी के बाद फंस गए। जिन्‍हें सकुशल निकाल लिया गया। शुक्रवार से हो रही बर्फबारी के कारण कई मार्ग भी बंद हो गए हैं।

देहरादून में सुबह से बारिश जारी रही। डोईवाला में तेज वर्षा व ओलावृष्टि के बाद ठंड बढ़ गयी है। मसूरी में बीती रात से बारिश जारी रही। यहां कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ऋषिकेश में बादलों की गर्जन के साथ तेज बारिश हुई। पौड़ी, कोटद्वार, हरिद्वार, रुड़की में बारिश के कारण जन जीवन प्रभावित हो रहा है।

चमोली जिले में शुक्रवार और शनिवार को बर्फबारी जारी रही। औली, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब सहित चोटियों में बर्फबारी हुई है। निचले स्थानों में बारिश से ठंड बढ़ गई है। चमोली जिले में 65 गांव बर्फबारी से ढंक गए हैं।

बदरीनाथ हाईवे बर्फबारी के कारण हनुमान चट्टी से आगे, चोपता हाईवे धोतीधार से आगे, मलारी हाईवे भापकुड से आगे बंद पड़ा है। औली में सड़क पर फिसलन हो रही है। औली से दो किलोमीटर जोशीमठ की तरफ बर्फबारी के कारण पेड़ गिरा है, जिसके कारण जोशीमठ- औली मोटर मार्ग यातायात हेतु अवरुद्ध है।

Advertisements
Ad 13

केदारनाथ समेत रुद्रप्रयाग जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है। चोपता में बड़ी संख्या में पर्यटक बाहरी राज्य से आए हुए हैं। वहीं जिला आपदा कन्ट्रोल रूम द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि चोपता के समीप कुछ पर्यटक बर्फबारी के कारण फंसे हुए हैं। डीडीआरएफ टीम ऊखीमठ द्वारा मौके पर पहुंच कर समस्त यात्रियों को सकुशल निकाला गया।

उत्तरकाशी में वर्तमान समय में जनपद मुख्यालय में बादल लगे हैं। अन्य तहसील क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो रही है तथा मुखबा, हर्षिल व खरसाली आदि ऊंचाई वाले क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हो रही है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्थान सुक्की टॉप से गंगोत्री तक वर्तमान समय मे बर्फबारी होने के कारण बाधित है।

बीआरओ द्वारा मार्ग को सुचारू किये जाने की कार्यवाही की जा रही है। उक्त स्थान पर मशीनरी तैनात है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्थान फूल चट्टी से आगे बर्फबारी होने के कारण बाधित हुआ है। फूल चट्टी से खरसाली मार्ग पर वर्तमान समय मे बर्फबारी होने के कारण बाधित है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग धरासू से बड़कोट यातायात हेतु सुचारू है। उत्तरकाशी-लम्बगांव मोटर मार्ग यातायात हेतु सुचारू है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button