Breaking NewsUttarakhand

जानिए देहरादून में भीड़ ने क्यों किया सब्जीमंडी का रुख

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कोरोना वायरस के चलते सोशल मीडिया पर मंडी बंद होन की अफवाह फैल गई। इसके चलते लोगों में इतना खौफ भर गया की शाम को बाजार और छोटी मंडियों में सब्जियां खरीदने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। लेकिन आपको सब्जियां घर में भरने की जरूरत नहीं है। मंडियां बंद नहीं हो रही हैं। न सब्जियों की आपूर्ति पर रोक लगने वाली है। जिलाधिकारी ने लोगों से इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सरकार का किसी भी खाद्य आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठान को बंद करने कोई इरादा नहीं है।

दरअसल, कोरोना के अंदेशे को देखते हुए स्कूल, कॉलेज समेत ऐसे तमाम प्रतिष्ठानों को बंद कर दिया है, जहां भीड़भाड़ रहती है। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण फैसले सरकार और प्रशासन ने लिए हैं। इसी बीच लोगों में इस बात का भी जिक्र है कि सब्जी मंडियां भी बंद होने वाली हैं। इसको लेकर लोग घरों में सब्जियों का स्टॉक करने में लग गए हैं। यही नहीं मार्ट आदि के बंद होने की भी चर्चाएं हो रही हैं। लिहाजा, लोग तमाम मार्ट में छूट का लाभ लेने दौड़ रहे हैं।

मंडी बंद होने की अफवाह सोशल मीडिया और गली-मोहल्लों में आम हो गई है। इसके चलते लोग मंडियों में आलू के बोरे उठाने में लग गए हैं। टमाटर भी अधिक से अधिक मात्रा में घरों में भरे जा रहे हैं। मंगलवार शाम को मंडी में लोगों को भीड़ जुट गई। लोग अपनी खपत से कई गुना सब्जियां भरने लगे। इस पर आढ़ती व मंडी अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने लगे।

Advertisements
Ad 13

मंडी बंद होने की अफवाह का मंगलवार शाम को असर ऐसा दिखा कि नेताओं ने भी मंडी में दखल देना शुरू कर दिया। स्थानीय नेताओं से लेकर बड़े-बड़े नेताओं ने आढ़तियों को फोन करना शुरू कर दिया। अपने-अपने आदमियों को भेजकर सब्जियां इकट्ठा करने में लग गए।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन रामजीशरण शर्मा ने बताया कि सभी जरूरी वस्तुओं के स्टॉक पर नजर रखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा चुका है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इस संबंध में भी पुलिस और अन्य विभाग को सतर्क किया जा चुका है। सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है।

इसी बीच जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने इस तरह की अफवाहों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि मंडियों को बंद नहीं किया जा रहा है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहां सेनेटाइजेशन की अलग से व्यवस्था की है। मंडी प्रशासन भी अपने स्तर से एहतियात बरत रहा है। किसान सब्जियां लेकर पहुंच रहे हैं। लिहाजा, सब्जियों की आपूर्ति में कोई कमी नहीं आने वाली है। जिलाधिकारी ने बताया कि मार्ट आदि में भी साफ सफाई और सेनेटाइजेशन की व्यवस्था है। इसके अलावा सभी मार्ट में थर्मल स्कैनिंग भी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button