Weather Update: दिल्ली-NCR में गिरा तापमान, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल
एक तरफ जहां महाराष्ट्र में मानसून ने दस्तक दे दी है। तो वहीं कई जिलों में बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। आइये अलग-अलग राज्यों के मौसम का हाल जानते हैं।

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में आज भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मानसून ने इस साल समय से पहले केरल में दस्तक दे दी है। इसके अलावा महाराष्ट्र के भी कई जिलों में इसका असर देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र और केरल में बारिश की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया है। यहां तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। आइये जानते हैं देश के अन्य राज्यों के मौसम का क्या हाल है।
दिल्ली-NCR में गिरा तापमान
राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर के इलाकों में बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। यहां का तापमान अधिकतम 41-43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28-30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके अलावा यहां दिन भर बादल छाए रहने के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग ने आज 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना भी जताई है, कुछ जगहों पर आंधी भी आ सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में हल्की बारिश, गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली गिरने का अनुमान जताया है।
महाराष्ट्र में बारिश ने मचाई तबाही
महाराष्ट्र में तटीय कोंकण क्षेत्र और मुंबई में पिछले दो दिनों से भारी मानसून-पूर्व वर्षा हो रही है। मुंबई और आसपास के इलाकों में आज हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। कुछ जगहों पर मध्यम गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। आज के लिए IMD ने रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुंबई, ठाणे, पालघर और महाराष्ट्र के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
पुणे के बारामती और इंदापुर तहसीलों में रविवार को भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद जिलाधिकारी के तत्काल अनुरोध पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) को विशेष टीम तैनात करनी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि बारामती तहसील में दिन में 83.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इंदापुर में यह आंकड़ा 35.7 मिमी रहा। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को महाराष्ट्र में दस्तक दे दी है। इस के साथ ही राज्य में 35 सालों में पहली बार इतनी जल्दी मानसून पहुंचा है। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि अगले तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मुंबई और कुछ अन्य भागों तक पहुंचने की उम्मीद है।
रेल यातायात पर पड़ा असर
मुंबई में रुक-रुक कर हो रही बारिश का असर रेल यातायात पर भी हुआ है। मध्य रेलवे की मेन लाइन पर कल्याण की ओर जाने वाली स्लो लोकल ट्रेन 5 मिनट की देरी से चल रही है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर आने वाली फास्ट लोकल 10 मिनट की देरी से चल रही हैं। स्लो लोकल भी 5 मिनट देरी से चल रही हैं। वहीं, वेस्टर्न लाइन पर लोकल टेन 5 मिनट देरी से चल रही है।
यूपी में आंधी के साथ बारिश के आसार
वहीं यूपी की बात करें तो यहां लोगों को अभी भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि आज पश्चिम यूपी के कई जिलों में आंधी के साथ हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं। इर दौैरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलने की संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी के भी बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, और लखनऊ में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने ने 26 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी शामिल है। वहीं बारिश का सिलसिला 31 मई तक जारी रहेगा।
केरल में भी तेज हवाओं के साथ बारिश
बता दें कि मानसून ने शनिवार को ही केरल में दस्तक दे दी थी। साल 2009 के बाद से ऐसा पहली बार है जब मानसून इतनी जल्दी केरल पहुंचा है। साल 2009 में मानसून 23 मई को केरल पहुंचा था। केरल में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। ऐसे में आज भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा तटीय क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। सामान्य तौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून एक जून तक केरल में दस्तक देता है तथा आठ जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है। मानसून 17 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत से पीछे हटना शुरू कर देता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस लौट जाता है। यह आमतौर पर सात जून के आसपास महाराष्ट्र और 11 जून को मुंबई पहुंचता है।
अन्य राज्यों में भी अलर्ट जारी
इसके अलावा दक्षिण भारत के राज्यों केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश और तूफानी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो असम, मिजोरम औैर मणिपुर में गरज-चमक के साथ बारिश की सम्भावना जताई गई है। वहीं बिहार और पूर्वी एमपी में भी गरज-चमल और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। पश्चिम हिमालय और मैदानी उत्तर भारत को लेकर भी मौसम विभाग ने तेज हवाएं और बिजली गिरने की सम्भावना जताई है।