लॉकडाउन में फंसी रामायण के सुग्रीव की अस्थियां, फैंस ने जताया शोक

नई दिल्ली। भारतीय टेलीविजन इतिहास के सबसे मशहूर और कामयाब शोज में से एक रामायण के दूरदर्शन पर पुनः प्रसारण के बीच एक दुखद खबर ने लोगों को भावुक कर दिया। शो में सुग्रीव और बाली की भूमिका निभाने वाले श्याम सुंदर का निधन हो गया। श्याम सुंदर पिछले काफी वक्त से कैंसर से लड़ रहे थे। अब समस्या ये बनी हुई है कि लॉकडाउन के चलते श्याम सुंदर की अस्थियां गंगा में प्रवाहित नहीं हो पा रही हैं।
लॉकडाउन के दौरान दुनिया को अलविदा कह चुके श्याम सुंदर के परिवार के लोग अब लॉकडाउन खुलने का इंतजार कर रहे हैं ताकि उनकी अस्थियों को गंगा में विसर्जित किया जा सके। वह पिछले 20 वर्ष से कालका की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रह रहे थे। श्याम सुंदर के परिवार का कहना है कि वह रामचरितमानस का पाठ कर रहे थे जब उनके प्राण निकल गए। श्याम की पत्नी प्रिया कलानी मुंबई नगर निगम में अधिकारी थी और उनकी सेवानिवृत्ति के बाद वह पंचकूला के कालका शहर में आकर रहने लगे। श्याम सुंदर कलानी ने रामायण के अलावा त्रिमूर्ति ,छैला बाबू और हीर रांझा फिल्मों के अलावा जय हनुमान मैं हनुमान की भूमिका निभाई थी।
ऐसे हुई थी कास्टिंग
रामायण सीरियल के निर्माता प्रेम सागर ने इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने रामायण के सभी कलाकारों का चयन कर लिया था लेकिन उन्हें पसंद के मुताबिक सुग्रीव की भूमिका निभाने के लिए अच्छे डील-डौल वाले कलाकार की जरूरत थी। जब वो ज्यादा परेशान हो गए तो उन्होंने मन में भगवान राम को याद किया और अगले रोज श्यामसुंदर कलानी उनके सेट पर पहुंच गए। इस तरह श्यामसुंदर कलानी को सुग्रीव के रोल के लिए कास्ट किया गया था।
अरुण गोविल ने जताया शोक
अरुण गोविल ने श्याम सुंदर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “श्याम सुंदर जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। उन्होंने रामानंद सागर की रामायण में सुग्रीव की भूमिका निभाई थी। एक कमाल के इंसान और सज्जन व्यक्ति। उनकी आत्मा को ईश्वर शांति दे।” वहीं सुनील लहरी ने लिखा, “हमारे सहकलाकार जिन्होंने रामायण में बाली और सुग्रीव की भूमिका निभाई थी, उनके अचानक हुए निधन की खबर सुनकर दुख हुआ।”
सुनील का ट्वीट
उन्होंने लिखा, “ईश्वर उनके परिवार को दुख के समय में संभलने की शक्ति दे और उनकी आत्मा को शांति दे। सुनील के फैन्स ने भी श्याम की आत्मा की शांति की कामना की है।” गौरतलब है कि रामायण को एक बार फिर से दूरदर्शन पर री-टेलीकास्ट किया जा रहा है और इस शो ने एक बार फिर से टीआरपी के रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं।