Breaking NewsUttarakhand

केदारनाथ में तीर्थयात्री की मौत के बाद हंगामा, गुस्साई भीड़ ने की हेली कर्मचारी की पिटाई

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में मंगलवार को हंगामा मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार केदारनाथ यात्रा पर आए गंभीर रूप से बीमार यात्री की समय से इलाज नहीं मिलने से मौत हो गई। यात्रा मजिस्ट्रेट के आदेश के बावजूद हेली सेवा कंपनी स्टाफ ने हेलीपैड पर स्ट्रेचर पर पड़े बीमार यात्री की 45 मिनट तक सुध नहीं ली। यात्री की मौत से अन्य यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा।

हेलीकॉप्टर स्टाफ का जमकर विरोध करते हुए यात्रियों ने कुछ कर्मचारियों की पिटाई कर दी। काफी समझाने बुझाने के बाद भी हेलीकॉप्टर स्टाफ के अपनी बात पर अडिग रहने से पुलिस क्षेत्राधिकारी ने स्टाफ के एक सदस्य को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना से आक्रोशित हेली कंपनियों ने दो घंटे से अधिक समय तक हेली सेवाएं बंद रखी।

मंगलवार को केदारनाथ में बाबा के दर्शन को लाइन में लगे गोरेगांव वेस्ट मुंबई के 51 वर्षीय यात्री विनोद व्यास पुत्र घीसू लाल जी व्यास की अचानक तबियत बिगड़ गई थी। साथ के लोग बीमार यात्री को सिक्स सिग्मा अस्पताल लाए, जहां डाक्टरों ने बीमार को प्राथमिक उपचार देते हुए आधा घंटे के भीतर गुप्तकाशी पहुंचाने को कहा।

यात्रा मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता ने बीमार यात्री को ले जाने के लिए एक हेली कंपनी को लिखित आदेश दिए, लेकिन हेली कंपनी/हेलीकॉप्टर स्टॉफ द्वारा हेलीपैड पर स्ट्रेचर पर पड़े बीमार की 45 मिनट तक सुध नहीं ली गई।

Advertisements
Ad 29
परिजनों के गुहार लगाने के बाद भी हेलीकाप्टर स्टाफ का दिल नहीं पसीजा और यात्री ने हेलीपैड पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना से यात्री के परिजनों और अन्य यात्रियों का आक्रोश भड़क उठा। उन्होंने हेलीकॉप्टर स्टॉफ के विरुद्ध जमकर हंगामा काटा।
20190618_224355
मौके पर पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक अभय कुमार सिंह ने मामला शांत कराने की कोशिश करते हुए जानकारी ली। उन्होंने हेलीकॉप्टर स्टॉफ को नियमों व शर्तों के बारे में बताया, लेकिन हेली स्टॉफ के अपनी ही बात पर अडिग रहने से सीओ ने एक सदस्य को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद यात्रियों ने भी हेली स्टाफ की पिटाई कर दी। पुलिस दल द्वारा बीच-बचाव कर स्थिति को शांत किया गया।

घटना के विरोध में हेली कंपनियों ने दो घंटे से अधिक समय तक हेलीकॉप्टर सेवा बंद रखी। उप जिलाधिकारी मेहता के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और पुन: हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हुई। इधर, अपर जिलाधिकारी अरविंद पांडेय ने बताया कि केदारनाथ में यात्री की मौत का मामला संज्ञान में आया है।

यात्रा मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि केदारनाथ यात्रा के लिए हेली कंपनियों के लिए कुछ नियम व शर्तें रखी गई हैं, लेकिन हेली कंपनी द्वारा नियम व शर्तों के विपरीत कार्य किया गया, जिस कारण बीमार यात्री की मौत हुई है। मामले में अगर मृतक के परिजन तहरीर देंगे, तो हेली कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button