नदी पर नहाने गए मासूम पानी की गहराई में समाए

देहरादून। गर्मी की मार से बचने के लिए तीन मासूम बच्चे यमुना नदी की धारा में नहाने चले गए। मगर उन्हें क्या पता था कि तपिश के इस सितम के उस पार मौत बाहें फैलाये उनका इंतज़ार कर रही है। फिर हुआ वही जिसका डर था। खामोश पानी की गहराई से अंजान तीनों मासूम उसमे डूबते चले गए और गायब हो गए। इनमें से एक को बचा लिया गया, जबकि दो अब भी लापता हैं। घटना विकास नगर थाना क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुद्धवार को डाकपत्थर बैराज यमुना नदी में नहाते समय 3 बच्चों, जिनमें अनस पुत्र नईम निवासी जीवनगढ़, लक्ष्य व लोकेश पुत्र विजय निवासी डाकपत्थर फिसल जाने के कारण गहरे पानी में चले गए।
तीनों मासूम गहरे पानी में जाने के कारण डूबने लगे, जिनमें से लोकेश पुत्र विजय को तुरंत सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से बचा लिया गया तथा अनस व लक्ष्य गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गए।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची जल पुलिस व स्थानीय पुलिस द्वारा आसपास के लोगों की मदद से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक डूबे हुए बच्चों की तलाश जारी थी।