Breaking NewsUttarakhand

उत्तराखंड की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर जनसेवी भावना पांडे ने जताई चिंता, उठाये कईं सवाल

उत्तराखंड की बेटी भावना पांडे ने कहा- बढ़ते अपराधों के मामले में उत्तराखंड आज उत्तर प्रदेश की कार्बन कॉपी बनकर रह गया है। प्रदेश की असली पहचान आज खो चुकी है।

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध जनसेवी भावना पांडे ने उत्तराखंड की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की है। प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर उन्होंने कईं सवाल उठाये।

राज्य आंदोलनकारी भावना पांडे ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर राज्य सरकार व पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा लापरवाह सरकार और निरंकुश पुलिस प्रशासन की वजह से उत्तराखंड में आज अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। बाहरी राज्यों से आये हुए कुख्यात अपराधी देवभूमि उत्तराखंड को अपनी पनाहगाह बनाकर यहाँ शरण लिये हुए हैं और खुलेआम यहाँ बड़े अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। ये सब कुछ प्रदेश सरकार व पुलिस विभाग की नाक के नीचे हो रहा है। मगर भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन तमाशबीन बने हुए हैं।

उत्तराखंड की बेटी भावना पांडे ने देहरादून के भाऊवाला में हुई युवक की निर्मम हत्या और हल्द्वानी में हुए प्रॉपर्टी डीलर के कत्ल की वारदातों पर दुःख जताते हुए सरकार से सवाल पूछा आखिर देवभूमि उत्तराखंड में ये क्या हो रहा है, आखिर आपकी सरकार और पुलिस कर क्या रही है? आज अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे बेख़ौफ़ होकर देवभूमि के शांत माहौल को खराब कर रहे हैं।

Advertisements
Ad 27

जनसेवी भावना पांडे ने कहा कि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून आज क्राइम कैपिटल बनती जा रही है। यहाँ माफियाओं ने अपने अड्डे बनाये हुए हैं जिनमें भूमाफिया, शराब माफिया और ड्रग्स माफिया आदि मुख्य रूप से अपने काले कारनामों से अपनी मौजूदगी दर्शा रहे हैं। राजधानी दून के हॉस्टलों और पीजी में कुछ युवाओं को ड्रग्स माफियाओं द्वारा धड़ल्ले से नशा सप्लाई किया जा रहा है और युवाओं की नसों में नशे का ज़हर घोला जा रहा है। वहीं भूमाफियाओं ने प्रदेश के जल, जंगल व जमीन किसी को नहीं छोड़ा, सब पर अवैध कब्जे कर डाले। मगर सरकार व पुलिस महकमा कोई ठोस कदम उठाने के बजाय मूकदर्शक बने हुए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की ये हालत वाकई दयनीय और भयावय है। आज प्रदेश की मासूम जनता खौफ़ के साये में जीने को विवश है। चोरी, डकैती, अपहरण, दुष्कर्म और हत्या मानों यहाँ आम बात हो चुकी है। ये कहना ना होगा कि बढ़ते अपराधों के मामले में उत्तराखंड आज उत्तर प्रदेश की कार्बन कॉपी बनकर रह गया है। प्रदेश की असली पहचान आज खो चुकी है और देवभूमि की इस बिगड़ती सूरत के लिए प्रदेश की सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button