पीएम मोदी बोले- भारत का आतंकवाद पर मैसेज क्लियर है, नो कंप्रोमाइज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशिया से पाकिस्तान को आतंकवाद पर सख्त संदेश दिया है। पीएम मोदी ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि आतंकवाद पर भारत कंप्रोमाइज नहीं करता। ये संदेश बिलकुल क्लियर है।

कुआलालंपुर। मलेशिया के 2 दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद पर पाकिस्तान को बहुत सख्त संदेश दिया है। उन्होंने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि भारत का आतंकवाद पर मैसेज बिलकुल क्लियर है, कोई डबल स्टैंडर्ड नहीं चलेगा, कोई कंप्रोमाइज नहीं होगा। बता दें कि पीएम मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में भारत आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान में 3 बार सर्जिकल स्ट्राइक कर चुका है। मई 2025 में भारत ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों और 11 आर्मी बेस को ऑपरेशन सिंदूर में तबाह कर दिया था।
भारत-मलेशिया सेमीकंडक्टर और व्यापार क्षेत्र में बने सहयोगी
पीएम मोदी ने अपने इस दौरे के दौरान भारत और मलेशिया को रविवार को रक्षा और सुरक्षा से लेकर सेमीकंडक्टर व व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोगी बनाया। दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए कई पहलें शुरू कीं। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम के बीच व्यापक वार्ता के बाद उठाया गया। बैठक के बाद मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के बीच “विशेष संबंध” हैं और दोनों पक्ष विविध क्षेत्रों में अपने संबंधों को विस्तार देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
आतंकवाद से कोई समझौता नहीं
इसी दौरान प्रधानमंत्री ने आतंकवाद से निपटने पर भारत की स्थिति को दोहराया। उन्होंने पाकिस्तान का नाम लिए बिना उसे संकेतों में साफ संदेश देते हुए कहा: “आतंकवाद पर हमारा संदेश स्पष्ट है; कोई दोहरा मापदंड नहीं, कोई समझौता नहीं।”बता दें कि मोदी शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचे, जहां उन्हें भव्य रेड कारपेट बिछाकर स्वागत किया गया। मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम खुद पीएम मोदी को लेने एयरपोर्ट पहुंचे और वहां उनका जोरदार स्वागत किया। रविवार को सुबह पर्दाना पुत्रा में भी पीएम मोदी का औपचारिक स्वागत दिया गया। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा, “भारत और मलेशिया के बीच विशेष संबंध हैं। हम समुद्री पड़ोसी हैं। सदियों से हमारे लोगों के बीच गहरे और स्नेहपूर्ण संबंध रहे हैं।
समुद्री सुरक्षा और खुफिया सेवा से लेकर आतंकवाद के खिलाफ बड़े समझौते
भारत और मलेशिया के बीच समुद्री सुरक्षा से लेकर खुफिया सेवाओं, सेमीकंडक्टर और आतंकवाद के खिलाफ कई बड़े समझौते हुए हैं। पीएम मोदी ने कहा, “आज मलेशिया दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है जहां भारतीय मूल की आबादी है। हमारी सभ्यताएं, साझा सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्य हमें एक साथ बांधते हैं। मोदी ने कहा कि दोनों पक्ष आतंकवाद विरोधी, खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा में सहयोग को मजबूत करेंगे। रक्षा सहयोग को और व्यापक बनाया जाएगा। “एआई और डिजिटल प्रौद्योगिकियों के साथ-साथ हम सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा में साझेदारी को आगे बढ़ाएंगे।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र दुनिया का विकास इंजन
प्रधानमंत्री ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति भारत के दृष्टिकोण पर भी बात की। उन्होंने कहा, “हिंद-प्रशांत क्षेत्र दुनिया का विकास इंजन बनकर उभर रहा है। भारत ASEAN (दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों का संघ) के साथ मिलकर पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विकास, शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है। मलेशियाई प्रधानमंत्री इब्राहिम ने कहा कि भारत और मलेशिया व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी और रक्षा में सहयोग का विस्तार जारी रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार और आर्थिक मोर्चे पर भारत ने शानदार प्रगति दर्ज की है।




