Breaking NewsNational

पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर शुरु हुई राजनीति, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा का बयान आया सामने

पप्पू यादव की गिरफ्तार पर विपक्षी नेताओं की बयानबाजी तेज है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का बयान सामने आया है। दोनों ही नेताओं ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर सवाल खड़े किए हैं। राहुल गांधी ने पप्पू यादव की गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है। राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि बिहार में नीट आकांक्षी की मौत के मामले में इंसाफ की आवाज उठाने पर पप्पू यादव को डराया और धमकाया जा रहा है।

व्यवस्था की गहरी सड़ांध को उजागर

पटना पुलिस ने 35 साल पुराने एक मामले में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार किया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ‘पटना में नीट की आकांक्षी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर व्यवस्था की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है।’

निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग

उन्होंने दावा किया कि पीड़ित परिवार ने जब निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो वही पुराना भाजपा-राजग मॉडल सामने आ गया कि मामले को भटकाओ, परिजनों को प्रताड़ित करो और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण दो।

आवाज को डराया और दबाया जा रहा

राहुल गांधी ने कहा, ‘इस बेटी के लिए न्याय की आवाज बनकर साथी सांसद पप्पू यादव जी मजबूती से खड़े हुए। उनकी गिरफ़्तारी साफ तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध है ताकि जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज को डराया और दबाया जा सके।’ उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि यह घटना किसी एक मामले तक सीमित नहीं दिखती।

 

 

बिहार की बेटी की इज्जत और सुरक्षा का सवाल

Advertisements
Ad 26

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘यह एक भयावह साजिश एवं खतरनाक चलन की ओर इशारा करती है, जहां और भी बेटियां शिकार बन रही हैं और सत्ता इस खौफनाक सच्चाई से आंखें मूंदकर बैठी है। यह राजनीति नहीं, इंसाफ का सवाल है। यह बिहार की बेटी की इज्जत और सुरक्षा का सवाल है।’

सरकार का रवैया उससे भी ज्यादा खौफनाक

पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी पप्पू यादव के प्रति एकजुटता प्रकट की और आरोप लगाया कि भाजपा एवं उसके सहयोगी दल अत्याचार के साथ खड़े हुए हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘पटना के हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ बलात्कार और हत्या का मामला झकझोर देने वाला है। यह मामला सामने आने के बाद सरकार का रवैया उससे भी ज्यादा खौफनाक है।’

 

 

आरोपियों के साथ खड़ी है सरकार

प्रियंका ने कहा, ‘प्राथमिकी दर्ज होने से लेकर जांच और कार्रवाई तक सबकुछ संदिग्ध बना दिया गया है। यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है?’ उन्होंने कहा कि हाथरस, उन्नाव से लेकर अंकिता भंडारी और पटना तक- जहां भी महिलाओं के साथ अत्याचार होता है, भाजपा की सरकारें पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपियों के साथ खड़ी हो जाती हैं।

पप्पू यादव की गिरफ्तारी असंवेदनशील 

साथ ही प्रियंका ने आरोप लगाया कि इस मामले में आवाज उठा रहे सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी इसी असंवेदनशील रवैये की एक और कड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगियों का एजेंडा स्पष्ट है कि वे अन्याय और अत्याचार के साथ खड़े हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button