Breaking NewsSports

LSG के खिलाड़ी ने ठोकी सेंचुरी, शतक लगाने के बाद फिर फ्लॉप हुए रिंकू सिंह

काशी रुद्रास की टीम ने UP T20 लीग के एक मैच में रिंकू सिंह की कप्तानी मेरठ मैवरिक्स को मात दी। इस मैच में काशी के कप्तान करण शर्मा ने शानदार शतक लगाया।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में इन दिनों UP T20 लीग के मुकाबले खेले जा रहे हैं। जारी टूर्नामेंट के 12वें मैच में काशी रुद्रास की टीम का सामना मेरठ मैवरिक्स से हुआ। इस मैच में काशी ने मेरठ की टीम को 91 रनों के बड़े अंतर से मात दी। काशी के कप्तान करण शर्मा ने इस मैच में शानदार शतक लगाया और 54 गेंदों में 107 रन बनाकर नाबाद लौटे। करण शर्मा IPL 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा थे, वहां उन्हें 3 मैच खेलने का मौका मिला था।

करन शर्मा ने लगाया शानदार शतक

डोमेस्टिक क्रिकेट में उत्तर प्रदेश की कप्तानी कर चुके करन शर्मा ने इस मैच में चौकों-छक्कों की बारिश की। उन्होंने अपनी 54 गेंदों की पारी के दौरान 9 छक्के और 7 चौके लगाए। काशी के लिए उनके अलावा उवैस अहमद ने भी तूफानी पारी खेली और सिर्फ 38 गेंदों में 69 रन जड़ दिए। वहीं अंत में सक्षम राय ने भी ताबड़तोड़ 22 रनों की पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। 20 ओवर बैटिंग करने के बाद काशी की टीम 3 विकेट के नुकसान पर 224 रन बनाने में कामयाब रही।

रिंकू सिंह हुए फ्लॉप, 1 रन बनाकर हुए आउट

टारगेट का पीछा करने उतरी मेरठ मैवरिक्स की टीम को एक बार फिर कप्तान रिंकू सिंह से काफी उम्मीदें थी। उन्होंने पिछले मुकाबले में शानदार शतक लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन इस बार वह 4 गेंदों में सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। 20 ओवर खेलने के बाद मेरठ की टीम 9 विकेट के नुकसान पर 133 रन ही बना सकी। टीम की तरफ से सिर्फ एक बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा अर्धशतक लगाने में कामयाब हो सके। उन्होंने सबसे ज्यादा 41 गेंद पर 58 रन बनाए, उनके अलावा यश गर्ग ने 30 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेली। गेंदबाजी में काशी की तरफ से अटल बिहारी राय और कार्तिक यादव ने 3-3 विकेट लिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button