कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के शुक्रवार को दून दौरे की पूर्व संध्या पर प्रदेश संगठन में अंतर्कलह का विवाद गहरा गया। विधानसभा चुनाव से पहले पिछले साल से दिग्गज नेताओं की टूट से परेशानहाल पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं ने इस्तीफा देने की धमकी दी। दरअसल, चार दिन पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में उक्त दोनों पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया था।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के नजदीकी समझे जाने वाले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उक्त दोनों पदाधिकारी पिछले कुछ अरसे से अपने साथ संगठन के अन्य सदस्यों की ओर से किए जा रहे व्यवहार से खफा बताए जा रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट और मुख्य प्रवक्ता मथुरादत्त जोशी नेम प्लेट उखाड़े जाने से भी खफा हो गए थे। कांग्रेसियों के बीच जूतमपैजार की खबर गुरुवार को सुर्खियों में छाई रही।
गुरुवार को राजीव भवन में राहुल गांधी के दून दौरे की तैयारियों के सिलसिले में आयोजित बैठक में भी यह मुद्दा तूल पकड़ गया। बैठक में प्रदेश प्रभारी का जिम्मा भी देख रहे सह प्रभारी संजय कपूर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, उप नेता करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय मौजूद रहे।
Advertisements
हालांकि, उक्त पदाधिकारियों के साथ किसी तरह के दुर्व्यवहार की जानकारी से प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह से इन्कार किया। बाद में वरिष्ठ नेताओं ने उक्त दोनों पदाधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक की। इस बैठक से कुछ समय बाद ही पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत चल दिए। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने बीच-बचाव कर दुर्व्यवहार की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं किए जाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद उक्त दोनों पदाधिकारी शांत हो गए। राहुल के दौरे से पहले यह मामला निपटने पर पार्टी पदाधिकारियों ने भी राहत की सांस ली। वहीं प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के शुक्रवार को दून दौरे को लेकर बैठक हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राहुल का स्वागत करेंगे।