शादी का झांसा देकर करता रहा दुष्कर्म, तंग आकर युवती ने दी जान

देहरादून। राजधानी देहरादून में एक युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। जहां युवती ने आरोपी युवक से तंग आकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। प्राप्त समाचार के अनुसार शनिवार को थाना नेहरू कालोनी पुलिस को इन्द्रेश अस्पताल के माध्यम से एक डेथ मेमो प्राप्त हुआ। जिसके अनुसार एक युवती जिसकी उम्र लगभग 20 वर्ष है, द्वारा बीती रात्रि में जहर खा लिया गया था।
युवती को उसके परिजनों द्वारा उपचार हेतु श्री महतं इन्द्रेश अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार तड़के उसकी मृत्यु हो गयी। उक्त सूचना पर थाना नेहरू कालोनी से पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की गयी।
इस मामले में मृतका की माता द्वारा थाना नेहरू कालोनी मे लिखित तहरीर दी गई। जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। उक्त तहरीर के अनुसार एमडीडीए कालोनी केदारपुरम निवासी रमित नेगी द्वारा वादिनी की पुत्री को शादी का झांसा देकर लगातार उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस पर जब युवती ने आरोपी युवक पर शादी का दबाव बनाया तो उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। जिससे तनाव में आकर पीड़िता ने विषैला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
इस पूरे मामले की जानकारी पीड़िता द्वारा रात्रि में जहर खाने के पश्चात परिजनों को दी गयी। मृतका के परिजनों की लिखित तहरीर पर उक्त सम्बन्ध में थाना नेहरू कालोनी में सम्बन्धित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। वहीं पुलिस मामले में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक की तलाश में जुट गई है।