संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होने की है जरूरत: विकास गर्ग

देहरादून। गुरुवार को नरेंद्र मोदी सेना द्वारा देहरादून के प्रेस क्लब में एक प्रदेश स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रीती नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना था। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विकास गर्ग ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की।

इस अवसर पर नरेन्द्र मोदी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री विकास गर्ग ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सेना की मजबूती के लिए सभी युवाओं एवँ समस्त सदस्यों को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 में गुजरात में नरेंद्र मोदी सेना की स्थापना की गई थी। जिसके बाद से निरंतर सक्रिय रहकर संगठन कार्य कर रहा है, साथ ही भारी संख्या में कार्यकर्ता संगठन से जुड़ रहे हैं।

श्री गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी पदाधिकारियों एवँ सदस्यों को नरेंद्र मोदी सेना की मजबूती के लिए कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देशभर से भारी संख्या में युवा इस संगठन से जुड़ रहे हैं। सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ने एवँ संगठन को आगे ले जाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि हमें अपनी मर्यादाओं को ध्यान में रखकर सही दिशा में कार्य करने की जरूरत है, जिससे देश एवँ समाज में नरेंद्र मोदी सेना का नाम मजबूती के साथ आगे बढ़ सके। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सेना देश के 22 राज्यों में देश हित में कार्य करते हुए समाज को एक नई दिशा प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सेना के दो लाख साठ हजार के लगभग कार्यकर्ता पूरे देश में सक्रिय भूमिका निभाते हुए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र चौहान, प्रदेश संगठन मंत्री सुमित सिंघल, प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुखपाल, प्रदेश सह सचिव मुकेश एवं जिला संगठन मंत्री पवन सैनी आदि ने अपने विचार व्यक्त किए एवं संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजीव नंदा, प्रदेश सचिव लक्ष्मण गुसाई, जिला उपाध्यक्ष हरि सिंह, जिला उपाध्यक्ष कमल सैनी, प्रदेश सचिव मुकुल त्यागी, महानगर अध्यक्ष मनीष पाल, रविंद्र पाल, पारस पाल, रवि कांत, निशांत एवं भारी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




