तो क्या वाकई शादी करने जा रही हैं दीपिका…!

मुम्बई। बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण और एक्टर रणवीर सिंह के बीच प्रेम-प्रसंग की खबरें पिछले काफी समय से मीडिया में सुर्खियां बटोर रही हैं। लेकिन अब ताजा खबर आ रही है कि दीपिका और रणवीर जल्द ही शादी करने जा रहे हैं। बॉलीवुड की इस हाॅट जोड़ी को लेकर पिछले काफी वक्त से चर्चा हो रही हैं कि जल्द ही दोनों स्टार्स परिणय सूत्र में बंध सकते हैं।
गौरतलब है कि दोनों एक्टर्स अब तक कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। लेकिन ‘पद्मावत’ की सक्सेस के बाद रणवीर और दीपिका की शादी की खबरों ने जोर पकड़ा। ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार दीपिका पादुकोण इस वक्त बेंगलुरू में हैं और शॉपिंग में व्यस्त हैं। खबर ये है कि दीपिका अपनी और रणवीर की शादी की तैयारियों में जुट चुकी हैं।
इसी के चलते दीपिका शादी की शॉपिंग में बिजी हैं। सूत्रों से प्राप्त खबर के अनुसार, ‘दीपिका इस वक्त अपनी मम्मी और बहन अनीशा के साथ कई सारे स्टोर्स में शॉपिंग करती देखी गईं।’ रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान दीपिका, उनकी बहन अनीशा और मां तीनों ज्वैलेरी खरीदने में काफी बिजी थीं। रणवीर और दीपिका के बीच की जबरदस्त कैमेस्ट्री देखते ही बनती है। दोनों कलाकारों की इसी कैमिस्ट्री से अब उनके घरवाले भी प्रभावित नजर आ रहे हैं।
खबरों की मानें तो शादी की तैयारियां अभी तक गुपचुप तरीके से ही की जा रही हैं। लेकिन जल्द ही दीपिका और रणवीर मीडिया के बीच अपनी शादी का ऐलान कर सकते हैं। दीपिका के करीबी सूत्रों के अनुसार वे अपनी शादी को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रही हैं और प्रत्येक चीज की खरीदारी वे अपनी पसंद से ही कर रही हैं। बहरहाल अनुष्का-विराट के बाद बाॅलीवुड में एक और सस्पेंस भरी शादी सिने प्रेमियों को हैरान कर सकती है।




