Breaking NewsUttarakhand

Weather Update : उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड में हुआ इज़ाफ़ा

उत्तराखंड में नए साल के दूसरे दिन मौसम का मिजाज बदला और बाबा केदार के धाम सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। बर्फबारी के बाद से जनपद में ठंड बढ़ गई है।

देहरादून। उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से बर्फबारी हो रही है, जिसके चलते ठंड में इजाफा हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज उधम सिंह नगर, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहेगा। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में नए साल के दूसरे दिन मौसम का मिजाज बदला और ऊंचाई वाले स्थान पर बर्फबारी हुई है। शुक्रवार की सुबह केदारनाथ धाम में मौसम ठीक था, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने लगी।

उधर, बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में भी हल्की बर्फबारी हुई है। आसपास की चोटियों पर भी बर्फ नजर आ रही है। पिथौरागढ़ के मुनस्यारी तहसील के नंदा देवी, नंदा कोट, त्रिशूल और पंचाचुली की चोटियों पर भी बर्फबारी होती रही है।

मौसम ठीक होने के बाद ऊंची चोटियां बर्फ से ढकी दिखाई दीं। लिपुलेख, नवीढांग, गुंजी, कुटी और आदिकैलाश में भी हल्का हिमपात हुआ है। बागेश्वर जनपद के कपकोट तहसील की ऊंचाई वाले इलाकों में बूंदाबांदी के साथ बर्फबारी हुई है।

Advertisements
Ad 26

जहां उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में ऊंचाई वाले स्थान पर कहीं-कहीं बर्फबारी हुई है, तो वहीं मैदानी क्षेत्रों में दोपहर के समय तक कोहरा छाया रहा। जिसके कारण दृश्यता प्रभावित हुई और इसका असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। देहरादून हवाई अड्डे पर अहमदाबाद, दिल्ली, बेंगलुरु सहित विभिन्न शहरों से आने वाली साथ उड़ानें देरी से पहुंचीं।

देहरादून का अधिकतम तापमान 21.3 और न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा। उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 13.6 और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 12.7 और न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 14.6 और न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र ने आज से मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। 5 जनवरी को एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है। इसके बाद 6 और 7 जनवरी को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जनपदों के मैदान में इलाकों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहेगा, जबकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं शीत दिवस की स्थिति को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्र में कहीं-कहीं पाला पड़ने के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और पर्वतीय इलाकों में पाला ठिठुरन बढ़ाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button