Breaking NewsNational

लिव-इन रिलेशन में रह रही युवती की गला घोंटकर हत्या, ऐसे हुआ सच उजागर

चंद्रपूर में लिव-इन रिलेशन में रह रही युवती की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मर्डर करके सुसाइड का रूप दिया लेकिन झूठ ज्यादा समय तक छिप नहीं पाया।

चंद्रपूर। महाराष्ट्र के चंद्रपूर के दुर्गापुर थाना क्षेत्र के तुकूम परिसर में लिव-इन रिलेशन में रह रही 29 वर्षीय युवती की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शुरुआत में इस हत्या को आत्महत्या बताकर मामला दबाने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने घटना का काला सच उजागर कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बॉयफ्रेंड का झूठ बेनकाब

मृतका की पहचान 29 वर्षीय प्रियंका शंकर वांढरे के रूप में हुई जोकि वानखेडे वाड़ी तुकूम की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार, 14 मार्च की रात करीब 8:15 बजे यह वारदात हुई थी लेकिन इसका खुलासा 3 अप्रैल को हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि प्रियंका की हत्या रस्सी या तार से गला कसकर और हाथ से दबाकर की गई है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने मोबाइल चार्जर के केबल का इस्तेमाल कर इस वारदात को अंजाम दिया।

मृतका के परिजनों से बोला था ये झूठ

Advertisements
Ad 27

घटना के बाद आरोपी ने मृतका के परिजनों को फोन कर कहा कि प्रियंका बात नहीं कर रही है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो प्रियंका अचेत अवस्था में पड़ी थी और उसके गले पर लाल निशान साफ दिखाई दे रहे थे उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया था। 2 अप्रैल को जिला अस्पताल के डॉक्टरों की टीम द्वारा दी गई रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होते ही पुलिस हरकत में आई। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई। जांच के बाद दुर्गापुर पुलिस ने सावली तहसील के सोनागपुर निवासी प्रेमी अंकेश योगेश बहीरवार (22) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार, 3 अप्रैल को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

पति से अलग हो गई थी महिला

बताया जाता है कि प्रियंका कुछ महीने पहले अपने पति से अलग हो गई थी। इसके बाद उसकी पहचान अंकेश से हुई और दोनों तुकूम स्थित एक मकान में लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे लेकिन यही रिश्ता अंततः उसकी मौत का कारण बन गया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब हत्या के पीछे के असली कारणों की गहराई से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button