Breaking NewsNational

Weather Report: कड़ाके की ठंड के बीच देश के इन हिस्सों में बारिश की चेतावनी

देश के कई राज्यों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। बिहार, यूपी समेत कई जगहों पर अगले 24 घंटे के दौरान घना कोहरा पड़ने का अनुमान है। पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है।

नई दिल्ली। यूपी-बिहार समेत देश के कई राज्यों में कड़ाके की सर्दी के साथ ही घना कोहरा पड़ रहा है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिनों तक उत्तर-पश्चिम में न्यूनतम तापमान में 2-4°C की धीरे-धीरे गिरावट की संभावना है। वहीं, अगले 3 दिनों तक पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3°C की गिरावट हो सकती है।

इन राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पूर्वी यूपी, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 31 दिसंबर तक रात और सुबह के दौरान बहुत घना कोहरा छाए रहने की बहुत अधिक संभावना है। साथ ही इन राज्यों में कड़ाके की सर्दी भी पड़ेगी। इन राज्यों में मौसम विभाग ने शीत लहर की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कड़ाके की सर्दी के साथ घना कोहरा पड़ रहा है। यहां पर 27 दिसंबर तक घने कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

सीकर में दर्ज हुआ सबसे कम तापमान

उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र में कई जगहों पर 5°-10°C तक दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में कुछ जगहों पर भी तापमान 10 डिग्री के नीचे दर्ज किया जा रहा है। भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.0 सीकर (पूर्वी राजस्थान) में दर्ज किया गया।

यहां पर बारिश के साथ बर्फबारी का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज़ हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-NCR में आज यानी गुरुवार को मौसम साफ रहेगा और दिन धूप भी निकलेगी। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 21°C से 23°C और 5°C से 7°C के बीच रहने की संभावना है। सुबह के दौरान हल्की हवाएं चल रही हैं। इसकी वजह से घना कोहरा नहीं पड़ा। दिन में  12 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। शुक्रवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कई जगहों पर हल्की से मध्यम धुंध और कुछ अलग-अलग जगहों पर घना कोहरा रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button