Breaking NewsEntertainment

दिग्गज अभिनेता सुदेश कुमार ने दुनिया को कहा अलविदा, फ़िल्म जगत में छाया शोक

Sudesh Kumar Passes Away: हिंदी सिनेमा के गोल्डन इरा के स्टार सुदेश कुमार इस दुनिया में नहीं रहे। उनके निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कई सितारों ने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दी है।

मुंबई। हिंदी सिनेमा के गोल्डन इरा के दौरान कई हिट और ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले दिग्गज अभिनेता सुदेश कुमार का निधन हो गया है। उनकी बेटी मिशिका धवन जमतानी ने उनके निधन की पुष्टि की है। सुदेश कुमार ने 50, 60 और 70 के दशक में काम किया और अपने अभिनय और सादगी से दर्शकों के बीच खास छाप छोड़ी। कई फिल्मों में लीड रोल निभाने के साथ-साथ उन्होंने कैरेक्टर आर्टिस्ट के तौर पर भी गहरी छाप छोड़ी। वह अपने करियर के शुरुआती दिनों में ‘पृथ्वी थिएटर’ से भी जुड़े थे, जिसके चलते उनके अभिनय में एक अलग ही गहराई थी। दिग्गज अभिनेता के निधन की खबर आने के बाद अब इंडस्ट्री में भी मातम पसर गया है।

कई कल्ट फिल्मों का रहे हिस्सा

सुदेश कुमार ने अपने करियर में कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं और राज कपूर की भी कई परियोजनाओं का हिस्सा रहे। राज कपूर के साथ काम करते हुए उन्होंने अभिनय के साथ-साथ निर्देशन में भी योगदान दिया। उन्होंने लंबे करियर में कई यादगार फिल्में दीं, जिनमें 1959 में रिलीज हुई ‘छोटी बहन’ और 1961 में आई ‘सारंगा’ जैसी फिल्में शुमार हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘रॉकेट गर्ल’ (1962),  ‘पैसे’ (1957), ‘धरती’, ‘वारिस’, ‘खानदान’ और ‘मन मंदिर’ जैसी फिल्मों में बतौर एक्टर अपनी काबलियत साबित की और दर्शकों के दिल जीते। आज भी उनके कई किरदार दर्शकों के दिलों में बसते हैं।

95 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

Advertisements
Ad 27

सुदेश कुमार ने 95 वर्ष की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए दिग्गज अभिनेता को श्रद्धांजलि दी। सुदेश कुमार का अंतिम संस्कार शिवाजी पार्क श्मशान घाट में किया गया, जहां हिंदी सिनेमा के भी कई सितारे मौजूद रहे और दिवंगत अभिनेता को अंतिम विदाई दी।

राज कपूर से जुड़ाव

सुदेश कुमार उन गिने-चुने कलाकारों में से थे, जिन्होंने पृथ्वी थिएटर से अपना अभिनय करियर शुरू किया और अभिनय की बारीकियां भी सीखीं। इसी के चलते उन्हें राज कपूर के साथ काम करने का मौका मिला। 1966 की मशहूर फिल्म ‘दो बदन’ में उन्होंने बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर भी काम किया। ये फिल्म आज भी अपने बेहतरीन संगीत और कहानी के लिए जानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button