देश के इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर हो सकती है बर्फबारी
22 नवंबर को 12 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की संभावना है। तमिलनाडु और केरल में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश हो सकती है।

Weather Forecast: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत के राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और बिहार में सुबह-शाम सर्द हवाओं के साथ कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। वहीं, मौसम विभाग (IMD) ने 22 नवंबर को 12 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की संभावना है।
दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड, प्रदूषण भी परेशान करेगा
दिल्ली में रविवार सुबह कोहरा और ठंडी हवाएं देखने को मिलीं। राजधानी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी कोहरा छाने की संभावना है।
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर भी चिंताजनक बना हुआ है। रविवार को AQI 360 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।
यूपी और बिहार में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम का असर कई जिलों में दिखाई देगा। आगरा, मथुरा, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, रामपुर और सहारनपुर में बारिश और ठंडी हवाओं की संभावना है। कुछ इलाकों में 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी यूपी में घने कोहरे का भी अलर्ट है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 18 डिग्री रह सकता है।
बिहार में मुंगेर, बेगूसराय, किशनगंज, अररिया, गया, नालंदा और गोपालगंज समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। पटना में अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी
IMD के मुताबिक झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, असम, मेघालय, मणिपुर और नागालैंड में बारिश की संभावना है। असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है। कई जगहों पर बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।
तमिलनाडु के चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, पुदुक्कोट्टई और रामनाथपुरम में मध्यम बारिश का अनुमान है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, चंबा, किन्नौर और कांगड़ा के साथ उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में बर्फबारी हो सकती है।
27 नवंबर तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 23 से 27 नवंबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। केरल में 24 से 26 नवंबर तक भारी बारिश की संभावना है।




