Breaking NewsNational

इलाज में देरी से नाराज युवक ने डॉक्टर के सिर पर पटका स्टूल

ओडिशा में एक युवक ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के सिर पर स्टूल पटक दिया, जिससे डॉक्टर के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

बरगढ़। ओडिशा के बरगढ़ जिले के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। रविवार देर रात एक युवक ने इलाज में देरी होने से नाराज होकर डॉक्टर पर लकड़ी का स्टूल फेंक दिया और उनके साथ मारपीट की। इस हमले में डॉक्टर के सिर पर गंभीर चोट आई। पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 2 बजे की है। ड्यूटी पर मौजूद डॉ. सुदीप्त राउत ने बताया कि उस समय चार लोग एक बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। बच्चे को सिकल सेल क्राइसिस और सीने में दर्द की शिकायत थी। डॉक्टर ने बच्चे की जांच कर जरूरी इंजेक्शन और दवाएं दीं और आगे के इलाज के लिए उसे वार्ड में भेज दिया, जहां नर्सें उसकी देखभाल कर रही थीं।

इसी दौरान उन चार लोगों में से एक युवक दोबारा डॉक्टर के पास आया और अपना ब्लड प्रेशर जांचने की मांग करने लगा। डॉ. राउत के मुताबिक, युवक को काफी पसीना आ रहा था। इसलिए उन्होंने उसे करीब 10 मिनट बैठकर आराम करने की सलाह दी ताकि सही तरीके से ब्लड प्रेशर की जांच की जा सके।

डॉक्टर का कहना है कि उनकी यह बात युवक को पसंद नहीं आई। वह अचानक गुस्से में आ गया और जिस लकड़ी के स्टूल पर बैठा था, उसी को उठाकर डॉक्टर के सिर पर जोर से मार दिया। इसके बाद उसने डॉक्टर की मेज भी पलट दी और दोबारा हमला करने की कोशिश की।

इस हमले में डॉ. सुदीप्त राउत के सिर पर गहरी चोट, माथे और हाथ में भी चोटें आई हैं। घायल हालत में उन्होंने थाने जाकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।

बता दें कि जुलाई में ही एक खबर सामने आई थी कि एक शिवसेना पार्षद ने डॉक्टरों की पिटाई की थी और जब वह गिरफ्तार हुआ तो खुद बीमार पड़ गया और उसे अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा।

डॉक्टर ने क्या बताया?

डॉ. राउत ने कहा कि उन्हें लगता है कि हमला करने वाला युवक नशे की हालत में था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि युवक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। डॉक्टर के मुताबिक, आरोपी ने कहा कि अगर वह पूरी तैयारी के साथ आता तो उनकी हत्या कर देता।

घटना के बाद टाउन पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अस्पताल में इलाज में देरी क्यों हुई और किन परिस्थितियों में यह विवाद इतना बढ़ गया कि डॉक्टर पर हमला हो गया।

घायल डॉक्टर ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि डॉक्टरों पर लगातार हो रहे हमलों को रोकने के लिए राज्य सरकार को सख्त कानून और कड़ी सजा लागू करनी चाहिए, ताकि लोगों में यह संदेश जाए कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों पर हमला करने के गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button