रात के अंधेरे में लॉकडाउन तोड़कर कार में घूमने निकले युवक, जानिए आगे क्या हुआ

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात लॉकडाउन तोड़कर कार में घूमने निकले दो युवक भीषण हादसे का शिकार हो गये। दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि इसमें एक युवक को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजधानी देहरादून में फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट के पास गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक की मौत हुई है और एक घायल है।
परिवार जनों ने पूछताछ में बताया कि दोनों देर रात्रि तक घर पर ही थे और लूडो खेल रहे थे। उसके बाद जब परिवार जन सो गए तो ये दोनों चुपके से बिना बताए निकल गए, उनके निकलने का कोई भी कारण नहीं पता है।
जानकारी के मुताबिक देर रात करीब एक बजकर 40 मिनट पर पुलिस को हादसे की सूचना मिली। सफेद वरना कार हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो लोग घायल हुए। जिनकी पहचान सतनाम सिंह पुत्र पंजाब सिंह और मोहम्मद अर्श पुत्र जाहिद हुसैन दोनों निवासी हेमकुंज कॉलोनी बसंत विहार के रूप में हुई।
108 इमरजेंसी एंबुलेंस द्वारा मोहम्मद अर्श को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। जबकि सतनाम को मंहत इंद्रेश अस्पताल ले जाया गया। अर्श के शव को फायर सर्विस के वाहन द्वारा कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों के परिजनों को मामले की सूचना दी गई। क्षतिग्रस्त कार और पेड़ को क्रेन द्वारा हाटाया गया।