Breaking NewsNational

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर पहुंची असम पुलिस की टीम, जानिए पूरा मामला

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर असम पुलिस की टीम पहुंची है। उन्होंने असम के सीएम की पत्नी पर फर्जी पासपोर्ट रखने के आरोप लगाए थे। जिसके बाद सीएम हिमंता की ओर से कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। असम पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस की टीम उनके दिल्ली के निजामुद्दीन ईस्ट स्थित  उनके आवास पर पहुंची है। पवन खेड़ा के निजामुद्दीन ईस्ट स्थित डी-12 आवास पर असम पुलिस की 4 लोगों की टीम पहुंची है। उनके साथ दिल्ली पुलिस की टीम भी है। जानकारी के मुताबिक असम पुलिस ने निजामुद्दीन थाने से संपर्क किया था। निजामुद्दीन थाने के पुलिसकर्मी पवन खेड़ा का एड्रेस दिखाने के लिए असम पुलिस को अपने साथ लेकर पहुंचे हैं। सूत्रों के मुताबिक पवन खेड़ा अपने घर में नहीं हैं। वे दिल्ली से बाहर किसी अन्य स्टेट की यात्रा पर हैं।

पवन खेड़ा के खिलाफ एफआईआर

असम के सीएम हिमंत विश्व शर्मा और उनकी पत्नी रिनिकी ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी और कहा था कि जो विदेशी पासपोर्ट दिखाये जा रहे हैं, वे सब नकली हैं।  सीएम हिमंता ने यह भी कहा कि इस आरोप के पीछे पाकिस्तानी लिंक है।

विदेशी पासपोर्ट रखने के आरोप

दरअसल, पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिमंता विश्व शर्मा की पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा पर विदेशी पासपोर्ट और बिजनेस को लेकर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि रिनिकी के पास तीन देशों के एक्टिव पासपोर्ट हैं। उनका विदेशों में इन्वेस्टमेंट है और कई संपत्तियां हैं।

ऐसा झूठ कभी नहीं सुना-रिनिकी भुइयां शर्मा

पवन खेड़ा के इन आरोपों के बाद रिनिकी भुइयां शर्मा ने कहा कि सभी आरोप पूरी तरह से  झूठे हैं। मैंने अपने जीवन में ऐसा झूठ कभी नहीं सुना। उन्होंने कहा कि यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और फोटोशॉप का इस्तेमाल करके किया गया है।

खेड़ा और हिमंता के बीच बयानबाजी

बता दें कि हिमंत विश्व शर्मा ने आरोप लगाया था कि चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए उग्रवादी समूहों से संपर्क करने की कोशिश करने के आरोप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ तीन से चार प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पवन खेड़ा ने कहा था कि चुनाव परिणाम घोषित होने के कुछ ही हफ्तों के भीतर मुख्यमंत्री को उनके कथित भ्रष्टाचार के कारण जेल में डाल दिया जाएगा।

हिमंत विश्व शर्मा ने पत्रकारों को बताया, “असम में चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए कुछ उग्रवादी संगठनों से संपर्क करने की कोशिश करने के आरोप में पवन खेड़ा के खिलाफ पहले से ही तीन .चार मामले दर्ज हैं।” उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, “इसलिए, चुनाव के बाद पता चलेगा कि जेल कौन जाएगा। मुझे लगता है कि पवन खेड़ा का आखिरी संबोधन असम की जेल में होगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button