Breaking NewsNational

भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार से हटाए जाने के एक दिन बाद आज आप विधायक कपिल मिश्रा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। मिश्रा ने राजघाट पर संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने जैन को केजरीवाल के आधिकारिक आवास पर उन्हें दो करोड़ रुपये सौंपते हुए देखा।

उनके मुताबिक जब उन्होंने इसके बारे में पूछा तो मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति में कुछ चीजें बताई नहीं जा सकतीं। आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने केजरीवाल के आवास पर बैठक की, कुमार विश्वास भी इस बैठक में मौजूद थे। कपिल मिश्रा ने शनिवार को कहा था कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और कथित घोटाले को लेकर दस्तावेज सौंपे थे।

Advertisements
Ad 29

बहरहाल इस मुद्दे को लेकर देशभर में चर्चाओं का बाज़ार गर्म है, तो वहीं दिल्ली में सियासत तेज़ हो गयी है। जहां भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली के उपराज्यपाल से मुलाक़ात कर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा मांगा है तो वहीं युवा कांग्रेस की दिल्ली इकाई के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

गौरतलब है कि अपनी ईमानदार छवि को लेकर राजनीति में आये अरविंद केजरीवाल के ऊपर अभी तक भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा था। ये वाकई हैरान करने वाला वाक्या है। अब देखना ये होगा कि इस मामले पर आम आदमी पार्टी अपना अगला कदम क्या उठती है।

 

Related Articles

Back to top button