नाबालिग की आबरू लूटता रहा वहशी दरिंदा, गर्भवती होने पर हुआ खुलासा

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक नाबालिग किशोरी के साथ काफी समय तक दुष्कर्म किये जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। किशोरी के गर्भवती होने पर मामले का खुलासा हुआ। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दिनांक 07/01/19 को वादी द्वारा थाना नेहरूकालोनी पर लिखित तहरीर दी गई कि उनकी नाबालिक पुत्री, उम्र 14 वर्ष, के साथ चकशाहनगर निवासी चांद ठेकेदार नाम के व्यक्ति के द्वारा माह अप्रैल 2018 में कई बार बलात्कार किया गया।
पीड़िता के परिजनों के अनुसार इस घटना के सम्बन्ध में आरोपी चांद की पत्नी को भी जानकारी थी। तहरीर के अनुसार दोनों पति-पत्नी के द्वारा पीड़िता को इस सम्बन्ध में मुँह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी गयी थी।
किन्तु कुछ समय पूर्व जब पीड़िता का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया तो परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए। किशोरी का परीक्षण कर डॉक्टर ने जो कहा उसे सुनकर परिजनों के पैरों तले ज़मीन खिसक गई। डॉक्टर के अनुसार किशोरी गर्भवती थी।
परिजनों के पूछे जाने पर पीड़िता ने आपबीती सुनाई। जिसके बाद हताश परेशान परिजनों ने कानून का सहारा लिया और आरोपी के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज करवाया।
वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना नेहरू कालोनी में मु.अ.स. 06/19 धारा 376/506 भादवि व 5/6 पोक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस ने मंगलवार दिनांक 08/01/19 को आरोपी शादिक उर्फ चांद निवासी चकशाह नगर, (नेहरू कालोनी) को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया।