लच्छीवाला में बुजुर्ग व्यक्ति पर हाथी ने किया हमला, अस्पताल में कराए गये भर्ती
लच्छीवाला सॉन्ग नदी पुल के आसपास मॉर्निंग वॉक कर रहे मनीराम थापा पर जंगली हाथी ने अचानक हमला कर दिया।

देहरादून। जनपद देहरादून के लच्छीवाल क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक कर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। इस दौरान बुजुर्ग व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गये। बुजुर्ग शख्स को हिमालयन हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार, लच्छीवाला सॉन्ग नदी पुल के आसपास मॉर्निंग वॉक कर रहे मनीराम थापा (60) पुत्र राम सिंह थापा निवासी लच्छीवाला पर जंगली हाथी ने अचानक हमला कर दिया।
घायल व्यक्ति मनीराम थापा किसी तरह वहां से जान बचाकर भागे। हाथी जोर-जोर से चिंघाड़ कर जंगल की ओर चला गया। वहीं मॉर्निंग वॉक करने आए अन्य लोगों ने घायल मनीराम थापा को जौलीग्रांट के हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया है।
स्थानीय निवासियों द्वारा बताया गया है कि पिछले काफी दिनों से लच्छीवाला क्षेत्र में एक हाथी इधर-उधर घूम रहा है। हाथी की चहल कदमी की वजह से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने व सावधानी के साथ ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।




