इंडिया ए के स्क्वॉड में हुआ बड़ा बदलाव, रिंकू सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी
राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत-ए टीम में बदलाव किया गया है। रजत पाटीदार ने इस टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। उनकी जगह आयुष बडोनी को मौका मिला है।

Rising Stars Asia Cup 2026: राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया ए के स्क्वॉड में कुछ बदलाव किए गए हैं। चोट के कारण रजत पाटीदार ने खुद को 50 ओवर के मैच के लिए उपलब्ध न होने की बात बीसीसीआई को बताई, जिसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया गया है। पाटीदार के बाहर होने के बाद मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज रिंकू सिंह को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया अपना पहला मैच 20 नवंबर को खेलेगी।
बीसीसीआई ने रजत पाटीदार को लेकर दी जानकारी
बीसीसीआई के मुताबिक, रजत पाटीदार अभी अपनी चोट से पूरी तरह ठीक होने पर ध्यान दे रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने 50 ओवर के मैचों के लिए खुद को चुनने से मना किया है, जिसके बाद उन्हें राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया ए की टीम से बाहर कर दिया गया है। अब सेलेक्शन कमिटी ने उनकी जगह अब आयुष बडोनी को टीम में शामिल कर लिया है। अब पाटीदार 50 ओवर फॉर्मेट के लिए कब तक फिट हो पाते हैं ये देखना दिलचस्प होगा।
रिंकू सिंह करेंगे उपकप्तानी
इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कप्तानी तिलक वर्मा ही करेंगे। लेकिन उपकप्तानी में बदलाव करते हुए रिंकू सिंह को इंडिया ए टीम का नया उपकप्तान बना दिया गया है। इस टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी जैसे बेहतरीन खिलाड़ी भी खेलेंगे। वहीं विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र को दी गई है। गेंदबाजी विभाग में हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अर्शद खान को जगह मिली है।
नेपाल से होगा टीम इंडिया का पहला मैच
इंडिया-ए टीम अपने टूर्नामेंट की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल-ए के खिलाफ वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल स्टेडियम में मैच खेलकर करेगी। इसके बाद 22 नवंबर को इसी मैदान पर उसका मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान-ए से होगा। फिर 24 नवंबर को टीम यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी मैदान पर यूएई (UAE) के खिलाफ उतरेगी। इन सभी शुरुआती मुकाबलों के बाद ही सेमीफाइनल और फाइनल मैचों की तस्वीर साफ होगी।
इंडिया ए का अपडेटेड स्क्वॉड: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह (उपकप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विपरज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अर्शद खान और आयुष बडोनी




