Breaking NewsNational

मुंबई में कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए 53 मीडियाकर्मी, 14 दिनों तक रखे जाएंगे गोरेगांव के होटल में

मुंबई। महाराष्ट्र के महानगर मुंबई में कम से कम 53 मीडियाकर्मी ऐसे हैं जिनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। यह जानकारी बृह्न्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने दी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि मुंबई में 53 मीडिया कर्मियों के संक्रमित होने की खबर से वह स्तब्ध हैं। उन्होंने ट्वीट किया है, ‘‘यह बहुत दुखद समाचार है कि मुंबई में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के 50 से अधिक पत्रकारों, विशेष रूप से कैमरामेन और छायाकारों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। हर पत्रकार को उचित देखभाल करनी चाहिए।’’

उन्होंने लिखा है, ‘‘सभी समाचार पत्रों और मीडिया प्रतिष्ठानों को यह सुनिश्चित करने के लिए परामर्श जारी किया गया है कि पर्याप्त देखभाल और सावधानी बरती जाए।’’ बीएमसी के अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 की जांच के लिए 16 और 17 अप्रैल को आजाद मैदान में विशेष शिविर लगाया गया था और इस दौरान 171 मीडियाकर्मियों के लार के नमूने लिए गए थे।

इनमें इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के पत्रकार, फोटोग्राफर और कैमरामैन शामिल थे। बीएमसी के प्रवक्ता विजय खाबले ने बताया, ‘‘कुल 171 नमूनों में से 53 कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।’’ उन्होंने बताया कि इनमें से अधिकतर में अभी तक संक्रमण के कोई लक्षण नहीं है।

Advertisements
Ad 29

खाबले ने दिन में कहा था कि संक्रमित हुए सभी मीडिया कर्मियों को पृथकवास में रखा जाएगा और इसके लिए उचित स्थान की तलाश करने की प्रक्रिया चल रही है। सोमवार देर रात बीएमसी ने सभी 53 मीडिया कर्मियों को अगले 14 दिन तक गोरेगांव के एक होटल में रखने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि उनके संपर्क में आए लोगों का पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है।

इस बीच मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने स्वयं को पृथकवास में रखने का फैसला लिया है क्योंकि वह हाल ही में जिन पत्रकारों से मिली थीं, उनमें से कुछ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। गौरतलब है कि रविवार तक मुंबई में रिकॉर्ड 3,032 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जिनमें से 139 की मौत हो चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button