Breaking NewsNational

अब नहीं चलेगी मनमानी, पुलिस ने तैयार किया नियमों का नया ड्राफ्ट

दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में रैलियों और प्रदर्शनों के लिए नई SOP का ड्राफ्ट तैयार किया है। प्रस्ताव के मुताबिक, अधिकतम 50 हजार लोगों को अनुमति मिलेगी और कार्यक्रम सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होंगे।

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में अब धरना-प्रदर्शन, रैली और जनसभा करना पहले के मुकाबले ज्यादा नियमों के दायरे में आ सकता है। दिल्ली पुलिस ने इन आयोजनों को व्यवस्थित करने के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का ड्राफ्ट तैयार किया है। इसके तहत मैदान में एक कार्यक्रम में अधिकतम 50 हजार लोगों को ही जुटने की अनुमति देने का प्रस्ताव है। साथ ही, प्रदर्शन और जनसभाएं सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ही आयोजित की जा सकेंगी। बता दें कि रामलीला मैदान में बीते एक नवंबर को विपक्ष की बड़ी रैली का आयोजन हुआ था।

हर कार्यक्रम के लिए भीड़ की संख्या अलग से तय होगी

ड्राफ्ट के मुताबिक, रामलीला मैदान में किसी भी कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। हालांकि, हर आयोजन में वास्तव में कितने लोगों को अनुमति दी जाएगी, इसका फैसला संबंधित सक्षम अधिकारी करेंगे। इसके लिए कार्यक्रम की प्रकृति, उसमें जुटने वाली संभावित भीड़ और सुरक्षा के इंतजामों को ध्यान में रखा जाएगा।

कार्यक्रम की तारीख से 10 दिन पहले करना होगा आवेदन

नए प्रस्तावित नियमों के तहत आयोजकों को कार्यक्रम की तारीख से कम से कम 10 दिन पहले अनुमति के लिए आवेदन करना होगा। इससे पहले उन्हें नगर निगम (MCD) से यह प्रमाण पत्र लेना होगा कि आयोजन के लिए रामलीला मैदान उपलब्ध है। इसके बाद ही पुलिस से कार्यक्रम की अनुमति मांगी जा सकेगी।

ट्रैफिक और पार्किंग की जिम्मेदारी आयोजकों की

Advertisements
Ad 29

कार्यक्रम के दौरान भीड़ को संभालने के साथ-साथ ट्रैफिक और पार्किंग की व्यवस्था करना भी आयोजकों की जिम्मेदारी होगी। इसके लिए उन्हें पुलिस और ट्रैफिक अधिकारियों के साथ मिलकर योजना बनानी होगी। आने वाले लोगों के लिए उतरने के तय स्थान भी चिन्हित करने होंगे। आयोजकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि सड़क, फुटपाथ और आपातकालीन रास्तों पर किसी तरह की रुकावट न आए।

हथियार और प्रतिबंधित सामान ले जाने पर रोक

सुरक्षा के लिहाज से रामलीला मैदान में हथियार, तलवार, भाले, धारदार वस्तुएं और कानून के तहत प्रतिबंधित सामान ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मैदान के आसपास ड्रोन उड़ाने के लिए भी पहले से मंजूरी लेनी होगी। इसके अलावा आयोजकों को पीने के पानी, मेडिकल सहायता, साफ-सफाई और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाओं का इंतजाम करना होगा। कार्यक्रम के बाद कचरे का सही तरीके से निपटारा करना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।

जंतर-मंतर के बाद वैकल्पिक प्रदर्शन स्थलों की व्यवस्था

बता दें कि यह कदम दिल्ली पुलिस के अक्टूबर में लिए गए उस फैसले के बाद आया है, जिसमें जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया था। इसके बाद धरना-प्रदर्शन और रैलियों के लिए तीन वैकल्पिक जगहें तय की गई थीं। इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD मैदान शामिल हैं। अब रामलीला मैदान में होने वाले आयोजनों के लिए अलग SOP का ड्राफ्ट मंजूरी के लिए पुलिस मुख्यालय भेज दिया गया है। सक्षम अधिकारियों की जांच और मंजूरी के बाद ही इसे लागू किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button