Breaking NewsNational

दिल्ली में रियल फील टेम्प्रेचर 47.1 डिग्री तक पहुंचा, IMD ने बताया कब होगी बारिश

दिल्ली के आयानगर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। 12 जून से पहले राहत की कोई उम्मीद नहीं है।

नई दिल्ली। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चेहरे को झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। ऐसा लग रहा है कि मानों आसमान से आग की लपटें उठ रही हो। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। दिल्ली में कम से कम 12 जून तक बहुत गर्म मौसम बना रहेगा। बुधवार को दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि रात में भी 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास न्यूनतम तापमान रहने का अनुमान है।

दिल्ली के कई इलाकों में 45 डिग्री के पार चला गया तापमान

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री को पार कर गया। दिल्ली के आयानगर में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जोकि इस सीजन का सबसे ज्यादा है। वहीं रिज इलाके में 45 डिग्री टेम्परेचर दर्ज हुआ। दिल्ली का तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच बेशक गया है, लेकिन गर्मी को देखकर ऐसा लग रहा है कि यह 50 डिग्री के करीब है।

रियल फील टेम्प्रेचर 47.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा

मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को ‘रियल फील टेम्प्रेचर’ या ताप सूचकांक 47.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ‘रियल फील टेम्प्रेचर’, यह माप है कि वायु तापमान और सापेक्ष आर्द्रता दोनों को ध्यान में रखते हुए मानव शरीर को कितना गर्म या ठंडा महसूस होता है।

तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी

आईएमडी द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान में वृद्धि देखी गई। मंगलवार को सुबह 8:30 बजे तक रिज स्टेशन पर अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आयानगर में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पालम में 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग में तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि लोधी रोड स्टेशन पर अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में 12 जून के बाद बारिश के आसार

दिल्ली के लाखों लोगों को 12 जून के बाद भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, क्योंकि मौसम विभाग ने दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button