Breaking NewsNational

दिल्ली में पड़ रही कड़ाके की ठंड, बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन

दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार सुबह से हल्की बारिश का क्रम जारी है। इससे दिल्ली की हवा का स्तर बेहतर हुआ है और तापमान भी गिरा है। वहीं, हिमाचल में शीत लहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश के चलते एक्यूआई का स्तर कम हुआ है और हवा बेहतर हुई है। वहीं, राजस्थान और मेघालय जैसे राज्यों में कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है। यहां गुरुवार रात कोहरे के कारण जीरो विजिबिलिटी की स्थिति बन रही है। घने कोहरे के कारण एक मीटर से ज्यादा दूरी पर कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। हिमाचल प्रदेश में भीषण शीत लहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू कश्मीर और पंजाब में शीत लहर के लिए येलो अलर्ट है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में 27 और 28 दिसंबर को मध्यम वर्षा, तूफान और ओलावृष्टि होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों में 28 दिसंबर को भीषण शीत दिवस की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

शीतलहर की चपेट में कई शहर

उत्तर भारत के कई हिस्से गुरुवार को भी भीषण शीतलहर की चपेट में रहे और कश्मीर घाटी के कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम अधिकतर शुष्क रहा। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भीषण शीतलहर की स्थिति रही और पारा सामान्य से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी का अनुमान है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र को प्रभावित करने वाला है।

कश्मीर में पाइपलाइन का पानी जमा

Advertisements
Ad 13

कश्मीर में कई स्थानों पर रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे घाटी में ठंड का प्रकोप जारी रहा। पारे में गिरावट के कारण जलापूर्ति वाले पाइप में पानी जम गया है। वहीं डल झील सहित कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परत जम गई है। मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे था। उत्तरी कश्मीर में स्कीइंग गतिविधियों के लिए मशहूर पर्यटक रिसॉर्ट शहर गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था।

दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे था। कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पंपोर क्षेत्र का एक छोटा गांव कोनीबल घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि शुक्रवार दोपहर से शनिवार दोपहर तक जम्मू कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा।

हिमाचल में बर्फबारी के आसार

हिमाचल प्रदेश में 27 दिसंबर से ऊंचाई वाले और मध्यम पहाड़ियों पर ताजा बर्फबारी होगी। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शिमला के पास लोकप्रिय भ्रमण स्थल कुफरी में अधिकतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रमुख पर्यटन स्थल धर्मशाला और मनाली में क्रमशः 21.4 डिग्री सेल्सियस और 12.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा लगातार कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि गुरुवार को दोनों राज्यों के कई स्थानों पर कड़ाके की ठंड रही और दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। राजस्थान में सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में 3.8 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 5 डिग्री सेल्सियस और पिलानी में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button