Breaking NewsUttarakhand

देहरादून में तेवर दिखा रही गर्मी, मानसून के लिए अभी और करना होगा इंतज़ार

देहरादून। मानसून का इंतजार कर रहे देहरादून वासियों को फिर से निराश होने पड़ा। गर्मी ने फिर राजधानी दून में अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, जबकि मानसून के अभी चार दिन बाद यानी 28 जून तक ही उत्तराखंड में आने की संभावना मौसम विज्ञानी जता रहे हैं। राजधानीवासियों को झमाझम बारिश के लिए फिलहाल चार दिन और इंतजार करना होगा।

हालांकि, पूर्व में मौसम विज्ञानियों ने संभावना जताई थी कि प्रदेश में मानसून 20 जून के आसपास पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा, लेकिन सारी संभावनाएं गलत साबित हुईं। बताया जाता है कि हवाओं के दबाव के कमजोर पड़ने से मानसून फिलहाल रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा और बिहार, पूर्वी यूपी में ही मानसून ठिठक कर रह गया है। इससे फिलहाल फिर से राजधानी दून तपने लगी है, जिससे लोगों की बेचैनी और भी बढ़ गई है।

Advertisements
Ad 29

गर्मी के दोबारा तेवर देखकर झमाझम बारिश की उम्मीद लगाए बैठे लोग फिलहाल मायूस ही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र निदेशक और वरिष्ठ मौसम विज्ञानी विक्रम सिंह के मुताबिक, वैसे तो मानसून ने केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में दस्तक दे दिया है और इन जगहों पर ठीकठाक बारिश भी हो रही, लेकिन जहां तक उत्तराखंड का सवाल है, तो फिलहाल मानसून के लिए चार दिन तक और इंतजार करना पड़ेगा।

अगले 48 घंटों में पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं तेज बौछार

मौसम विज्ञानी विक्रम सिंह के मुताबिक 28 जून से राज्य में मैदान से लेकर पहाड़ तक मानसून के सक्रिय होने और झमाझम बारिश की संभावना है। बताया कि तापमान 37 डिग्री के आसपास रह सकता है। इससे पूर्व अगले 48 घंटों में राज्य के पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं तेज बौछार के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस साल मानसून ने समय से पूर्व केरल में दस्तक दे दिया, लेकिन यहां तक आने में अभी लोगों को चार दिन तक और इंतजार करना पड़ेगा।
राजधानी दून में 36.8 डिग्री पहुंचा पारा 
मानसून के कमजोर होने के साथ ही गर्मी ने भी तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी दून में शनिवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 22.4 डिग्री पर दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अगले चार दिनों तक दून में बारिश की संभावना न के बराबर है और तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। राजधानी और आसपास के इलाके में अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास रह सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button