Breaking NewsUttarakhand

उत्तराखंड के इन जनपदों में बारिश और बर्फबारी के आसार, पढ़िये खबर

देहरादून। पिछले कुछ दिनों से खिली धूप के बाद उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शनिवार सुबह उठते ही दून वासियों का कोहरे ने स्वागत किया। घने कोहरे की वजह से दून घाटी में फिर से कड़ाके की ठंड का अहसास होने लगा। सर्दी में इज़ाफ़ा होने की वजह से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

यदि मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के चार पहाड़ी जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, निचले इलाकों में बादल छाये रह सकते हैं। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार मैदानी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा भी छाया रह सकता है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि राजधानी दून और आसपास के इलाकों में शाम के समय हल्के बादल छाये रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है। वहीं, निचले क्षेत्रों में बारिश होने का भी अनुमान है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

इससे पूर्व राजधानी दून और आसपास के इलाकों में शुक्रवार रात भीषण ठंड पड़ी। इस माह पहली बार न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार रात दून का तापमान 4.9 डिग्री रहा। हालांकि दिन के समय तेज धूप खिली और अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री तक पहुंच गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button