पत्नी की हत्या के बाद शव को घर में छिपाया, बाहर से ताला लगाकर फरार हुआ पति
पति ने पत्नी की हत्या के बाद शव को घर में छिपाया और फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने आरोपी पति पर दहेज मांगने का भी आरोप लगाया है।

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में दहेज उत्पीड़न और हत्या का एक दिल दहला देने वाला दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां नवविवाहिता रोशनी की उसके पति ने पहले तो गला दबाकर हत्या कर दी, इसके बाद शव को घर के अंदर छिपाकर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।
हत्याकांड की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मिलकर साक्ष्य जुटाएं हैं। डीसीपी साउथ के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का ही प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। साथ ही हत्यारे पति की तलाश के लिए 3 टीमें लगा दी हैं।
क्या है पूरा मामला?
घटना की जानकारी मृतका के चाचा केश नारायण ने दी। उन्होंने बताया कि रोशनी के भाई से सूचना मिली कि रोशनी के घर पर बाहर से 2 दिनों से ताला लगा हुआ है और अंदर सभी लाइटें बंद हैं। परिजनों ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
पुलिस मौके पर पहुंची और घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वहां रोशनी का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। परिजनों का आरोप है कि रोशनी का पति उसे अक्सर दहेज के लिए प्रताड़ित करता रहता था, इस बीच भी उसकी लगातार रोशनी से लड़ाई हो रही थी, जिसके बाद पति ने रोशनी की गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम को शव के गले के आसपास चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे थे, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं।
परिजनों के अनुसार, रोशनी की शादी कुछ समय पहले, 8 दिसंबर 2024 को हुई थी। शादी के तुरंत बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। अतिरिक्त दहेज न देने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से तंग किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि पहले भी दोनों पक्षों के बीच इस मुद्दे पर विवाद हुआ था, जिसे रिश्तेदारों और पंचायत के माध्यम से सुलझाने की कोशिश की गई थी। लेकिन ससुराल वाले अपनी मांगों पर अड़े रहे और समझौते के बावजूद प्रताड़ना जारी रही।
21 नवंबर को भी मारने की कोशिश की थी
परिजनों ने बताया कि इससे पहले 21 नवंबर को भी ससुरालवालों ने रोशनी को आग लगाकर मारने की कोशिश की थी। उस हमले में रोशनी किसी तरह बाल-बाल बच गई थी, लेकिन इस घटना की परिवार ने शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी क्योंकि समझौते की उम्मीद थी। मृतका के चाचा ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी पति के रिश्तेदारों ने परिजनों पर दबाव बनाया था कि दहेज उत्पीड़न का मुकदमा वापस ले लें। उन्होंने धमकी दी थी कि जैसे अपनी पहली पत्नी को मार दिया था वैसे ही रोशनी का भी यही हश्र होगा।
फिलहाल पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर पति और ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनमें हत्या, दहेज उत्पीड़न और आपराधिक साजिश की धाराएं शामिल हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट से मौत के सटीक कारण का पता चलेगा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना में डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी का बयान भी सामने आया है।




