Breaking NewsNational

चक्रवात ‘अर्नब’ के चलते गंजाम में 29 अक्टूबर तक स्कूल-कॉलेज बंद, 8 ट्रेनें कैंसिल

चक्रवात 'अर्नब' के खतरे को देखते हुए ओडिशा के गंजाम समेत 5 जिलों में स्कूल-कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला लिया गया है। साथ ही 8 ट्रेनों को भी कैंसिल कर दिया गया है।

ओडिशा। चक्रवात ‘अरनब’ को लेकर मौसम संबंधी खतरे और भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच ओडिशा के गंजाम जिले में सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार, 27 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक जिले के सभी स्कूल, डिग्री कॉलेज, तकनीकी संस्थान और विश्वविद्यालयों के विभाग बंद रहेंगे। बता दें कि बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब की वजह से अगले 2 दिनों तक कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

ओडिशा में 8 ट्रेनों को भी कैंसिल कर दिया गया है। इनमें विशाखापत्तनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस, विशाखापत्तनम-कोरापुट पैसेंजर, कोरापुट-विशाखापत्तनम पैसेंजर,विशाखापत्तनम-कोरापुट इंटरसिटी एक्सप्रेस और विशाखापत्तनम-किरंदुल पैसेंजर शामिल हैं।

ये ट्रेने रद्द होने से यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी-

  • ट्रेन संख्या 18515 और 18516 विशाखापत्तनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस 29 अक्टूबर से चार नवंबर तक दोनों दिशाओं में रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 58538 विशाखापत्तनम-कोरापुट पैसेंजर 27 से 30 अक्टूबर तक नहीं चलेगी। इसकी वापसी सेवा ट्रेन संख्या 58537 कोरापुट-विशाखापत्तनम पैसेंजर 28 से 31 अक्टूबर तक रद्द रहेगी।
  • ट्रेन संख्या 18512 विशाखापत्तनम-कोरापुट इंटरसिटी एक्सप्रेस 30 अक्टूबर को रद्द रहेगी, जबकि इसकी वापसी सेवा ट्रेन संख्या 18511 कोरापुट-विशाखापत्तनम इंटरसिटी एक्सप्रेस 31 अक्टूबर को नहीं चलेगी।
  • ट्रेन संख्या 58501 विशाखापत्तनम-किरंदुल पैसेंजर और इसकी वापसी सेवा ट्रेन संख्या 58502 किरंदुल-विशाखापत्तनम पैसेंजर 27 से 30 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी।
  • ट्रेन संख्या 18447 भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंड एक्सप्रेस 27 से 30 अक्टूबर तक रायगड़ा में ही समाप्त कर दी जाएगी। वापसी में ट्रेन संख्या 18448 जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस 28 से 31 अक्टूबर तक कोरापुट के बजाय रायगड़ा से ही रवाना होगी।

भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान

गंजाम के कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय की ओर से 26 अक्टूबर को जारी आदेश में बताया गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने जिले के लिए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया है।

Advertisements
Ad 29

 

प्रशासन के आदेश के अनुसार, गंजाम जिले के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश सरकारी और निजी प्रबंधन के तहत चलने वाले सभी स्कूलों पर लागू होगा। इसके अलावा, जिले के सभी डिग्री कॉलेज, तकनीकी संस्थान और विश्वविद्यालयों के विभाग भी 27 से 29 अक्टूबर तक बंद रहेंगे।

इन जिलों में भी शैक्षणिक संस्थान बंद

वहीं, आपको बता दें कि गंजाम के साथ-साथ ओडिशा के अन्य दक्षिणी जिलों जैसे गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मल्कनगिरी में भी 28 और 29 अक्टूबर को शैक्षणिक संस्थान बंद रखे गए हैं।

शिक्षकों को कार्यस्थल पर मौजूद रहना होगा

स्कूल और कॉलेज बंद रहने के बावजूद शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों को ड्यूटी पर उपस्थित रहना होगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर मौजूद रहेंगे और उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का पालन करना होगा। संस्थानों के प्रमुखों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। गंजाम जिला प्रशासन ने यह आदेश 26 अक्टूबर 2026 को जारी किया। इसकी प्रतियां विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार, तकनीकी संस्थानों, डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों और जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं। ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त को भी इसकी जानकारी दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button