Breaking NewsNational

महाराष्ट्र: विपक्षी दलों की याचिका पर कल फैसला करेगा सुप्रीम कोर्ट

मुंबई। महाराष्ट्र में शनिवार तड़के राष्ट्रपति शासन हटाने और देवेंद्र फडणवीस और राकांपा नेता अजित पवार को सीएम और डिप्टी सीएम की शपथ दिलवाने के राज्यपाल के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट अब सोमवार को निर्णय लेगा। इस बीच शरद पवार की अध्यक्षता में विधायकों की बैठक रेनेसां होटल में हुई। वहां शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और सांसद संजय राउत भी मौजूद थे। ठाकरे ने कहा- चिंता न करें, हमारा गठबंधन लंबे समय तक रहेगा।

वहीं, महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री अजित पवार ने ट्वीट किया-धन्यवाद माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी। हम आपको स्थिर सरकार का भरोसा दिलाते हैं जो राज्य के लोगों के कल्याण के लिए काम करेगी। इससे पहले सत्ता गठन के लिए कोशिशों में जुटी कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना ने टूट के डर से अपने विधायकों को अलग-अलग होटलों में रखा है। सभी विधायकों से मोबाइल भी ले लिए गए हैं।

8 निर्दलीय गोवा के रिजॉर्ट में ठहरे

शिवसेना विधायकों मुंबई के होटल द ललित, राकांपा के विधायकों को रेनेसां और कांग्रेस के विधायकों को जेडब्ल्यू मैरियट होटल में ठहराया गया है। 8 निर्दलीय विधायक गोवा के एक रिजॉर्ट में ठहरे हैं। इनमें से ज्यादातर वे हैं, जो शिवसेना को समर्थन देने का ऐलान कर चुके हैं।

साख बचाने की हो रही कोशिशें

Advertisements
Ad 27

शिवसेना खेमा: होटल द ललित में उद्धव ठाकरे विधायकों से मिलने पहुंचे। उद्धव ने यह भी कहा है कि वे कांग्रेस विधायकों के साथ भी मुलाकात करेंगे।

कांग्रेस-राकांपा खेमा: शरद पवार ने रेनेसां में पार्टी विधायकों से मुलाकात की। राकांपा विधायक नितिन पवार के लिए गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज की गई थी। नितिन ने कहा- मेरे परिजन परेशान न हों। मैं शरद पवार, अजित पवार और छगन भुजबल के साथ हूं। शनिवार से लापता बताए गए राकांपा विधायक माणिकराव भी रविवार को रेनेसां पहुंचे। जानकारी के मुताबिक, माणिकराव अजित के साथ राज्यपाल निवास गए थे।

भाजपा: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पार्टी विधायकों से मिलने के लिए भाजपा कार्यालय पहुंचे। साथ में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद हैं। भाजपा नेता आशीष शेलार ने कहा-सभी भाजपा विधायकों ने फ्लोर टेस्ट को लेकर रणनीति बनाई। हमें भरोसा है कि फ्लोर टेस्ट में हम जीतेंगे। जिस विचारधारा को लेकर शिवसेना पिछले 30 साल से चल रही थी, उस विचार को छोड़ने का महापाप मित्र पक्ष ने किया है। कुछ विधायकों ने देवेंद्र और अजित की शपथ लेने के बाद जो प्रतिक्रिया दी है, उससे पूरे महाराष्ट्र में आनंद का वातावरण है।

टहलने निकले राकांपा विधायक को वापस होटल लाए
सभी दलों ने एक कॉमन नंबर जारी किया है, जिसके जरिए परिजन विधायकों से बातचीत कर सकते हैं। शनिवार को रेनसां में ठहरे राकांपा विधायक संग्राम जगताप टहलने के लिए बाहर निकले, लेकिन उन्हें पार्टी के दूसरे नेता वापस होटल में ले आए।

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र, महाराष्ट्र सरकार को नोटिस जारी किया
महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक उठापटक के बीच रविवार को सुप्रीम कोर्ट में विपक्षी दलों की याचिका पर सुनवाई हुई। जस्टिस एनवी रमना, जस्टिस अशोक भूषण और जस्टिस संजीव खन्ना की बेंच ने सुनवाई की। बेंच ने मामले में केंद्र, महाराष्ट्र सरकार, देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार को नोटिस जारी किया। कोर्ट ने सॉलिसिटर जनरल से कहा कि राज्यपाल के लिखे पत्र कल सुबह 10.30 बजे अदालत के सामने पेश करें ताकि उस आधार पर आदेश जारी किया जा सके। अदालत कल ही उचित आदेश देगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button