चौथी कक्षा की छात्रा के साथ अभद्रता से गुस्साए लोगों ने उठाया ये ख़ौफ़नाक कदम
हैदराबाद में चौथी कक्षा की छात्रा के साथ बदतमीजी और छेड़खानी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। छात्रा के परिवार और भड़के हुए लोगों ने आरोपी पर हमला कर दिया जिसके बाद उसकी अस्पताल में मौत हो गई।

हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शख्स के ऊपर चौथी कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ बदतमीजी करने, उसे चूमने और उसके प्राइवेट पार्ट्स को छूने का आरोप लगा। ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इसके बाद छात्रा के घरवालों और इलाके के लोगों ने आरोपी हाजीज अब्दुल निलोफर पर हमला कर दिया। हमले में घायल आरोपी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, हैदराबाद के कुलसुमपुरा पुलिस स्टेशन इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक व्यक्ति द्वारा नौ साल की बच्ची के साथ बदसलूकी करने के बाद तनाव बढ़ गया। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद बच्ची के माता-पिता और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। वीडियो में आरोपी छात्रा के साथ आपत्तिजनक हरकतें करते हुए दिखाई दिया था।
एक ही ब्लॉक में रहते हैं आरोपी और पीड़ित
सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामले में आरोपी हाजीज अब्दुल और पीड़िता छात्रा का परिवार इंदिराम्मा डबल-बेडरूम कॉलोनी इलाके में एक ही ब्लॉक में रहते हैं। ये इलाका कुलसुमपुरा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है। आरोपी हाजीज अब्दुल निलोफर अस्पताल के पास चाय बेचकर अपना गुजारा करता था। वहीं, पीड़िता चौथी कक्षा की छात्रा है और उसके माता-पिता प्राइवेट सेक्टर में काम करके परिवार का खर्च चलाते हैं।
आरोपी की अस्पताल में मौत
घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरों में वह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई जिसमें आरोपी ने एक लड़की के साथ बदतमीजी की, उसे चूमा और उसके प्राइवेट पार्ट्स को छुआ। इस फुटेज के सामने आने के बाद और इसे देखकर लड़की के माता-पिता और स्थानीय लोग बहुत परेशान हो गए। घटना से नाराज होकर लड़की के परिवार वालों और स्थानीय लोगों ने आरोपी पर हमला कर दिया। हमले में बुरी तरह घायल हुए हाफिज अब्दुल को उस्मानिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कुलसुमपुरा पुलिस ने इस घटना के सामने आने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वे CCTV फुटेज, चश्मदीदों के बयान और अन्य सबूत इकट्ठा करके घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। आपको बता दें कि इससे पहले हैदराबाद में लंगर हाउस क्षेत्र में भी अपराध की वारदात सामने आई थी। यहां होटल ग्रैंड लॉज में एक 26 साल की महिला की लाश संदिग्ध हालात में मिली थी। पुलिस ने महिला के साथ रूम बुक करने वाले फारूक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था।




